सोमवार, 7 जनवरी 2019

अम्मा रे! ते काहें चलि गइले रे

अम्मा(दादी) वादा तोड़ गई। अम्मा ने कहा था कि अभी कहीं नहीं जाने वाली। जिस दिन अम्मा ने हमें छोड़ा उस दिन सुबह अम्मा से वीडियो चैट भी हुई थी। अम्मा ने कहा था, ' लाला ते परेशान न हो, हम कहूं जाब नाहीं। हमार तबियत बहुत ठीक है। घबरा न।' भाभी ने रात में मैसेज किया था कि अम्मा की तबियत खराब है लेकिन अम्मा से बात हुई तो मुझे लगा कि अम्मा फ़िट है। हमेशा की तरह।


उस दिन भी वही खनकती आवाज़ थी। कहीं से नहीं लगा कि अम्मा जाने के मूड में है लेकिन अम्मा चली गई। जब अम्मा गई तो भइया अम्मा के पांव सहला रहे थे।

पैर दबाते-दबाते अम्मा के पैर ठंडे पड़ गए। अम्मा ने अपना वादा तोड़ दिया था। जा चुकी थी, वहां जहां से कोई नहीं लौटता।

अम्मा ने कहा था कि अभी मेरा जनेऊ कराएगी। मेरे भतीजे-भतीजियों, भानजे-भानजियों को खिलाएगी। अम्मा ने झूठ बोला था। उसने जाने का ठान लिया था, चली भी गई, चुपके से। ऐसे कोई जाता है क्या।

शेखर के जाने के बाद आस्था टूटी थी, अम्मा ने हिम्मत तोड़ दी। एक सदमे से उबरने की कोशिश परिवार कर रहा था कि अम्मा चली गई। अम्मा ने झटका दिया है।

मुझे जब भी 3 दिन से ज़्यादा छुट्टी मिलती मैं घर भाग जाता था। वजह अम्मा थी। लॉ कर रहा था तब भी, IIMC गया तब भी। कई बार दोस्तों ने ज़ोर दिया कि कुछ दिनों के लिए कहीं ट्रिप पर चलते हैं। मुझे 2 दिन से ज़्यादा वक़्त ट्रिप पर ख़र्च करना अच्छा ही नहीं लगता। मुझे हर हाल में घर भागना होता था। अम्मा के पास।

दुनिया का सबसे ख़ूबसूरत इंतज़ार छुट्टी का होता है, ख़ासकर तब जब अम्मा की गोदी में सर रखकर सोने को मिले। अफ़सोस अब ऐसा नहीं होगा। अम्मा जा चुकी है।

2018 ने परिवार को सदमा दिया है जिससे उबरना मुश्किल है। जब दुनिया न्यू ईयर मना रही थी तब 1 जनवरी को मैं गंगा में अम्मा की अस्थियां विसर्जित कर रहा था।

अम्मा बिना घर अजीब सा लग रहा है। सब कुछ सूना-सूना। ऐसा लग रहा है कि घर की रौनक चली गई है।

इतना उदास घर कभी नहीं लगा। अम्मा के जाने के बाद की रिक्तता भरी नहीं जा सकती।

अम्मा सबकी अम्मा थी। सुबह जब घर में चाय बनती थी तो जब तक पूरे टोले में अम्मा चाय बंटवा न दे उसे चैन नहीं मिलता। पड़ोस के छोटे-छोटे बच्चे जब कप लेकर घर दौड़ते तो अम्मा कई बार खाना उतरवाकर चाय बनवाती।

घर में कुछ अच्छा बन जाए तो टोले में किसी का घर छूटे न। सबको बुलवाकर अम्मा खाना बांटती।

गांव के पीछे एक गांव है अतरी। उसी से सटे हिस्से में हमारा खेत है। खेत बटइया पर दिया गया है। एक आदमी ने अम्मा से एक बटाईदार की शिकायत की। अम्मा से बताया कि खेत से बराबर पैदा नहीं आ रहा है। उसके घर में कोई मर्द है नहीं कि खेती कर पाए। उसका खेत छुड़वा दें।

अम्मा ने कहा, 'ओकरे घर में केहु है नाहीं। अकेल मेहरारु है, हम ओकरे जिए-खाए के आलंब नाहीं छीनब। जब तक ऊ खुद नाहीं कही कि मैय्या हम अब नाहीं खेती कइ पाइब तब तक ओकर खेत हम नाहीं छोड़ाइब।'

अम्मा ने कई परिवारों को पाला है। जाते-जाते आदेश देकर भी गई है कि इन्हें संभालना। गांव में जिनके अपने बच्चे बुढ़ापे में छोड़ते उन्हें अम्मा दोनों टाइम खाना खिलवाती। अम्मा ने कहा है 'अपने भरपेट खाई और दूसर केहु उपासै सूते। इ नाहीं होए पाई।'

कर्म के दिन खाने की तैयारियां जब हो रही थीं, छोटे-छोटे बच्चे काम में जुटे थे। कोई मटर छील रहा था तो कोई झाड़ू मार रहा था। इन बच्चों को किसी ने इकट्ठा नहीं किया था, ख़ुद ही काम पर भिड़े थे। उनमें से अधिकतर को नहीं पता है कि अम्मा अब लौट कर नहीं आने वाली है।

घर में अम्मा ही संविधान थी। जब पापा को कोई काम नहीं करना होता था तो वे यह कहकर टाल जाते थे कि अम्मा रिसियाई। अब पापा के पास कोई बहाना नहीं है।

कभी सोचा नहीं था कि अम्मा के बिन भी ज़िंदगी होगी।

साल भर पहले दिसंबर की ही बात है अम्मा को हल्की सी चोट लग गई थी। भइया जनरेटर ठीक करवा रहे थे, अम्मा ख़ुद रिंच देने आ गई। उसी दौरान अम्मा के पैर किसी चीज़ से टकरा गए तो खून निकल आया। भइया ने आसमान सिर पर उठा लिया था।

अम्मा के जाने के बाद चिता को जलाने के लिए लकड़ियां भी भइया इकठ्ठा कर रहे थे, घाट पर। कितना क्रूर होता है समय। जिसे खरोंच आ जाए तो इतनी बेचैनी होती थी, उसी को जलाने के इंतज़ाम में पूरा कुटुंब एक साथ खड़ा था।

अम्मा ने अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ा है। अम्मा उन चंद ख़ुशनसीब लोगों में से एक है जिन्होंने अपनी तीसरी पीढ़ी देखी है।

पनाती-पनातिनों की पूरी फौज है अम्मा के पीछे। अम्मा बंट गई है। किसी की आंख अम्मा की तरह है तो किसी नाक। कोई अम्मा की तरह सोचता है। लेकिन अब किसी एक में पूरी अम्मा का मिलना मुश्किल है।

पूरी तरह अम्मा कहां देखूं? अम्मा मिलेगी नहीं, ढूंढने से भी।

जाना ही नियति है। अंतिम सत्य भी।

सनातन परंपरा को मानने वाले गीता की उक्तियां जानते भी हैं। पूरी नहीं लेकिन आधी-आधूरी तो ज़रूर।

नैनम् छिंदंति शस्त्राणि नैनम् दाहति पावक:।

अच्छा श्लोक है लेकिन समझ से परे। जब कोई अपना जाता है न तो सारी कहानियां-कथाएं, पुराण-भागवत रास नहीं आते। ऐसा लगता है कि इन्हें किसी

उन्माद में रचा गया होगा। जब कोई इन्हें पढ़कर दिलासा देता है तो खीझ होती है। बहुत बकवास लगता है यह सब। सारे दर्शन लीपापोती से इतर कुछ और नज़र नहीं आते।

बीते दिनों में कई बार चीख़-चीख़कर रोने का मन कर रहा है। अम्मा चली गई है। मंदिर, देवता, चारोधाम सब अम्मा तक सिमटा था। अब अम्मा ही नहीं है, बिन अम्मा घर कैसा। सबके होते हुए भी घर अजीब सा लग रहा है।

अम्मा! कुछ साल और रुक जाते तो का बिगड़ि जात।

ते काहें चलि गए रे।