गुरुवार, 12 फ़रवरी 2015

बाल श्रम और अभिजात वर्ग

बालश्रम; समाज का कोढ़ जिसे मिटाने की जगह अभिजात वर्ग खाद-पानी डालने का काम करता है।बच्चे हमेशा सस्ते होते हैं बशर्ते अपने न हों। वैसा भी सुना है बड़े लोग अपने बच्चों से कोई काम नहीं कराते क्योंकि उनके बच्चे फूल से नाजुक होते हैं और गरीबों के बच्चे पैदायशी चट्टान जिनका काम ही पहाड़ तोडना होता है। हाँ बच्चे चट्टान नहीं होते हैं पर गरीबी बना देती है।
बड़े लोग अपने बच्चों को धूल-मिटटी से बचाते हैं जिससे इन्हें इन्फेक्शन न हो, धुप से बचाते हैं कहीं रंग न काला हो जाए। हाँ भाई रंग का भी बड़ा खेल है ज़माने में, बच्चा तो गरीब का भी गोरा होता है पर कब अपने नसीब की तरह काला हो जाता है पता ही नहीं लगता।
अमीर माँ-बाप का बच्चा कोई काम नहीं करता है क्योंकि अगर वो काम करेगा तो लाड-प्यार में कमी रह जायेगी। ये सारे ढोंग और तमाशे उच्च मध्यम वर्गीय परिवारों के हैं या अभिजात वर्ग के जिनके घरों को अक्सर "बड़ा घर" कहा जाता है।
यूँ तो यही लोग ढोंग पीट-पीट कर कहते हैं कि बालश्रम अपराध है इसे रोकें पर खुद इनके घरों में काम करने वाले बच्चों की उम्र सात से चौदह वर्ष तक से कम  की होती है। शहरों में मज़दूरी भले ही मंहगी हो पर बचपन तो सस्ता है। काम बड़ों से ज्यादा लिया जाता है लेकिन मज़दूरी मिलती है कौड़ी भर।
बच्चों को child labour (protection and regulation) act 1986 ने जो राहत दी है, जो बालश्रम को प्रतिबंधित करने के लिए कानून बना है उसे देखकर तो गश आता है। परस्पर विरोधाभास है क्या कहा जाए?
एक तरफ कहा कहा गया है कि बालश्रम अपराध है दूसरी तरफ उनके काम करने का समय और छुट्टियों का प्रावधान नियत किया गया है। यह कैसा गड़बड़-झाला है जो समझ में नहीं आता।
कुछ परिस्थियों को आधार ठहरा कर बालश्रम को वैध किया गया है।
बच्चे घरेलू काम कर सकते हैं, सच तो ये है कि अमीरों के घरों में गरीब बाल मज़दूरों का सबसे ज्यादा शोषण होता है। शोषण का कोई दायरा तय नहीं है यह किसी भी प्रकार का हो सकता है। आर्थिक,शारीरिक या यौन शोषण..बच्चे हैं किसी से कहेंगे थोड़े ही। कुछ चॉकलेट, टॉफी और कपडे काफी हैं उन्हें मानाने के लिए। किसी से कहें भी तो कौन सुनेगा इनकी? बच्चों की अवाज़ बड़ों तक पहुँचती कब है?


सोमवार, 26 जनवरी 2015

"सर्वत्र विजय"(विजयी विश्व तिरंगा प्यारा)

हे हिम! तू मुझको हिम सा कर दे
पर मुझको इतना सा वर दे
प्रांतर पर जो  गतिविधि हो
वह मुझको भी सूचित हो
यदि पग शत्रु के इधर बढ़ें
तो उनका न अस्तित्व रहे
न रहे शेष उनमे जीवन
बस इतना सा है मेरा मन।
यदि तुम ऐसा न कर पाओ
तो जाओ,
महाकाल से तुम डर जाओ
हम सैनिक हैं सब सह लेंगे
और गलो तब भी रह लेंगे
सियाचीन या अरुणांचल हो
इस जग में नभ्-जल या थल हो
"सर्वत्र विजय" संकल्प हमारा
विजयी विश्व तिरंगा प्यारा।
(कुछ अपूर्ण सी कविता, अधिक समय नहीं दे सका क्योंकि 28jan से परीक्षा शुरू हो रही है अब ब्लॉग पर 12feb. तक नहीं आ सकूँगा। आप के शुभ आशीष की प्रतीक्षा में आपका-अभिषेक)

बुधवार, 14 जनवरी 2015

पापा कितना खुश होते हैं?

जब अखबारों में भूले-भटके नाम मेरा आ जाता है
जब मेरा कोई लिखा हुआ गीत घर में मिल
जाता है
जब सुबह-सुबह आँख खुलते ही फोन मेरा घर
जाता है
पापा कितना खुश होते हैं??
दिन भर की भाग दौड़ से जब पापा थक जाते
हैं
मुकदमों की माथापच्ची छोड़ घर मे जब आते हैं
जब मम्मी अपने हाथों से चाय बना कर
लाती है
पापा कितना खुश होते हैं?
जब भइया अंग्रेजी में कोई गाना गाता है
जब पापा के मित्रों को कानून सिखाता है
जब सबको अपने इंग्लिश से वो चुप सा कर देता है
पापा कितना खुश होते हैं?
जब अम्मा मोटर की सीटी सुनकर बाहर
आती है
पापा को सीढ़ी चढ़ते देख मन में मुस्काती है
जब अम्मा आभार भरे नयनों से
शिवाला तकती है
पापा कितना खुश होते हैं?
जब हम पापा के बालों पे कोई कलर लगाते हैं
पर पापा धीरे से भगने की कोई जुगत लगाते हैं
जब हम पापा से रुकने की ज़िद करने लगते हैं
पापा कितना खुश होते हैं?
अम्मा, मम्मी, भैया और मैं
कितना छोटा अपना कोना,
दुनिया में सबसे प्यारा हमको
पापा का खुश होना।

शुक्रवार, 9 जनवरी 2015

छूटता बचपन ,टूटते सपने।

दिन भर लकड़ियाँ बेच कर शाम को घर आते हैं ये बच्चे और बाप इनके मेहनत के पैसे का शराब पीता है।
मेरे कॉलेज के कैंटीन में ये बच्चा काम करता है


सड़क पर भीख मांगती बच्ची।
(snap clicked by saman.... )
मेरे घर के ठीक पीछे महतो काका का घर है। वैसे तो नाम है भुन कन चौधरी पर गावँ में उनकी प्रसिद्धि महतो के नाम से है। अवध में महतो को अपने बिरादरी का न्यायाधीश कहा जाता है। सीधे शब्दों में किसी भी जाति का महतो वह व्यक्ति होता है जिसके अधीन उस जाति की  न्यायपालिका,विधायिका और कार्यपालिका तीनों आती हों और जिसके वक्तव्य ही संविधान हों।
महतो काका के साथ ऐसा कुछ नहीं है, कभी अपने बिरादरी के महतो हुआ करते थे पर अब उनके बेटे ने दूसरी जाति के महिला से शादी कर ली तो उनकी महतो वाली शाख छिन गयी। अब वो अपने बिरादरी के सबसे अधम व्यक्ति समझे जाते हैं।
महतो काका के तीन बेटे हैं। दो लड़के जिन्होंने अपने बिरादरी में शादी की है पर अव्वल दर्ज़ के स्वार्थी हैं, और तीसरा ऐसा है जिसने मेरे गावँ के ही एक लड़की से शादी की है जो पहले से शादी शुदा थी और एक -दो बच्चे भी थे, ये भी जनाब कम नहीं हैं इन्होंने भी अपनी पहली पत्नी और अपना बड़ा बेटा छोड़ कर नया घर बसाया है। महतो काका ने पता नहीं क्या सोच कर उसे अपने घर से निकाल दिया और मेरे घर के सामने मिठाई काका की जमीन पर बसने का तुगलकी फरमान दे दिया।
हाँ तो तीसरे मियाँ के बेटे का नाम राजेश है, राजेश चौधरी। उम्र यही कोई सात-आठ साल। बाप ने नया परिवार बसा लिया है तो अपने पुराने बेटे को क्यों याद करेगा? कुल मिलाकर राजेश की परवरिश की जिम्मेदारी महतो काका पर है।काका दमा के मरीज़ हैं तो महीने में दो से तीन हज़ार रुपये फुंक जाते हैं। तीन बेटे हैं पहला जुआरी, दूसरा शराबी और तीसरा दीवाना; सो मदद की तो कोई गुंजाइश भी नहीं है। खुद साठ पार है वो भी जीर्णकाय तो आमदनी की बात ही क्या की जाए। दोनों टाइम काकी घर से खाना ले जाती है। किसी तरह घर चल रहा है।
राजेश गावँ के प्राइमरी स्कूल में पढता था जब तक मैं घर पर था। तीन साल से मेरठ में हूँ तो गावँ से संपर्क टूटा हुआ है। इस बार दीपावली मनाने घर गया था तो पता लगा राजेश भी आज ही आगरा से आया है। मैंने घर पर पुछा की आगरा क्यों गया था तो अम्मा(दादी) ने बताया कि कमाने गया था। एक सात साल का बच्चा पूरे सात महीने बाद घर आया था। तीन-तीन हट्ठे-कट्ठे जवान बाप होते हुए भी अनाथों की तरह काम पर भिड़ा था। परिवार में उसके चाचा और दादा के बच्चे विद्या मंदिर में पढ़ते हैं और वो आगरा में जूठे बर्तन माँजता है, होटल मालिक से पिटता है। उसकी हालात देख कर उसके बाप के लिए दिल से गाली निकलती है, बाप के सक्षम होते हुए भी एक मासूम सा बच्चा  पढ़ाई-लिखाई और अच्छे परवरिश की जगह दर-दर की ठोकर खाने पर मज़बूर है। यह मज़बूरी उसकी अपनी नहीं है बल्कि थोपी गयी है। इसमें दोषी सिर्फ उसके घर वाले ही नहीं हैं , दोषी मेरे घर वाले भी हैं।
चायपत्ती से लेकर  सब्ज़ी तक राजेश से मँगाई जाती है,और भी बच्चे हैं पर राजेश सबसे बुद्धिमान और ईमानदार है इसलिए पैसे वाले काम उसे ही सौंपे जाते हैं। राजेश फिल्मों का बड़ा शौक़ीन है। बिजली आते ही भगा आता है फ़िल्म देखने। अब तो उसे रिमोट से चैनल बदलने भी आ गया है, कुछ दिन उसके साथ रहा तो मैंने उसे पूछा कि, 'राजेश रे ते का करत रहे आगरा में?' तो उसका जवाब था-'भइया कुछु नाहीं खाली पानी पियावत रहेन और बर्तन धोवत रहेन।' मैंने पुछा कि- केतना पवत रहे?(पैसा)' तो उसने कहा कि- ग्यारह सौ।
फिर पुछा कि 'केहु परसान तो नाहीं करत रहा?'
उसने रोकर जवाब दिया,जवाब सुनकर  मैं सुन्न हो गया। आदमी किस हद तक गिर सकता है एहसास हुआ। एक मासूम सा बच्चा जिसे कुछ भी समझ नहीं उससे बेहूदगी? इंसान ऐसे होते हैं तो जानवर ही हमसे बेहतर हैं। राजेश वहां से घर आ  गया, जो उसे ले गया था उसने उसे सही सलामत घर पहुँचा दिया।

मेरे पापा और भइया दोनों अधिवक्ता हैं। पापा की हर बात लोग मानते हैं, पापा कानून कम बताते हैं पर मानवता अधिक सिखाते हैं मेरे समझ में ये नहीं
आया कि बाल-श्रम जैसा कृत्य जिसके लिए बच्चे के अभिभावक ही जिम्मेदार होते हैं पापा ने उन्हें क्यों नहीं समझाया की बाल-श्रम भी अमानवीय कृत्य है?
भइया भी मानव अधिकारों की बात करते हैं पर उन्होंने भी रोका नहीं उसे बाहर जाने से? खैर इस बारे में मैंने भी कभी पाप या भइया से कुछ नहीं पूछा, गलती मेरी भी है। मैं दोष नहीं मढ़ रहा पर कष्ट होता है। मुझे बार-बार याद आता है जब राजेश पहली बार स्कूल गया था और स्कूल से आकर मैंने उसे बुलाया- राजेश चौधरी!, उसका मासूम सा तुलतुलाते हुए जवाब आया- तिली मान!(श्री मान!)।
लाख कैलाश सत्यार्थी पैदा हो जाएँ,भारतियों को नोबल पुरस्कार मिल जाए, लाख गैर सहकारी संस्थाएं खुल जाएँ पर जब तक हम नहीं चाहेंगे समाज का यह रोग मिटेगा नहीं।
एक मेरे कॉलेज के कैंटीन में भी बच्चा काम  करता है, पढ़ने की उम्र में हाथ में जूठी प्लेट्स और भीगा कपड़ा थाम लिया है। उसे भी घर वालों ने भेज है वो भी जबरदस्ती। कहता है पढ़ने का मन नहीं करता। पैसा भी कमाल की चीज़ है जो न करा दे।
बच्चे और भी हैं कुछ सड़क पर भीख़ मांगते हुए दिखते हैं तो कुछ मंदिरों में। कोई काम कर रहा है तो  कोई भीख मांग रहा है। किसी के सिर पर छत नहीं तो कोई ठंढ़ से मर रहा है। कुछ यही मेरे देश की तस्वीर है।इसे धुंधली कहूँ या साफ़ समझ में नहीं आता पर मन बार-बार कहता है-
"मेरे देश तुझे हुआ क्या है,
तेरे इस दर्द की दवा क्या है??"

रविवार, 4 जनवरी 2015

ख़्वाब बिकते हैं।

ख़्वाब बिकते हैं
हमारे
मुल्क में
कभी कीमत
 तय
होती है
तो कभी
कोई कीमत ही नहीं
 लगती
सुकून की तरह
छिनते हैं
मासूम ख्वाब भी;
वे ख़्वाब जिन्हें हम
संजोते हैं
जिन्हें
पूरा करने की
तमन्ना लिए
होते हैं
हमारे रात-दिन
बिकते हैं
वही ख़्वाब
माटी के मोल;
कुछ सौदागर
सपनों का भी
सौदा करते हैं
कुछ कहूँ कैसे
ख़्वाब
बिकते हैं
हमारे मुल्क में।

मंगलवार, 30 दिसंबर 2014

नव संवत्सर के स्वागत को इच्छुक फिर से मधुशाला

बिछुड़ रहा पल धीरे-धीरे समय
हो रहा मतवाला
काना-फूसि करता मुझसे खोज रहा है ये
प्याला,
कैसे हो ये जग फिर सुरभित मदिरा-मय में
विस्मृत सब
नव संवत्सर के स्वागत को इच्छुक
फिर से मधुशाला।

रविवार, 28 दिसंबर 2014

घर याद आता है मुझे

कितना मुश्किल है न
घर छोड़ना?
यादों से भागकर
यादें बन जाना
अपनों से
अजनबी हो जाना
थोड़े पैसे
और
शोहरत के लिए
दूर निकल आना
अपनी
मिट्टी से
जिसमे कैद है
बचपन की सुनहरी यादें;
उन नज़रों से
ओझल होना
कितना मुश्किल
है न
जिन्हें देखे बिना
अधूरी लगती हो
जिंदगी,
उन्हें तन्हा छोड़ कर
आगे बढ़ जाना
कितना
मुश्किल है न
घर छोड़ना?

मंगलवार, 23 दिसंबर 2014

राष्ट्रीयता, साम्प्रदायिकता और छद्म धर्मनिरपेक्षता

भारत में राजनीतिक बहस की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि यहाँ हर पार्टी धर्म निरपेक्ष होने का दावा करती है और विपक्ष को सांप्रदायिक होने का आरोप मढ़ती हैं।

धर्मनिरपेक्ष नेतृत्व के रहस्य को सुलझाने का श्रेय लाल कृष्ण अडवाणी जी को जाता है, सबसे पहले उन्होंने ही अपने विरोधियों को निशाना बनाते हुए "छद्म धर्मनिरपेक्षता" को व्याख्यायित किया था। यूँ तो धर्मनिरपेक्षता को भारतीय राजनीति में एक धारदार हथियार की तरह प्रयुक्त किया जाता है किन्तु इसका उद्देश्य कभी राजनीतिक कम और संवैधानिक अधिक था। आज संवैधानिक कम और राजनीतिक अधिक है। वैसे भी इंदिरा गांधी जी के नेतृत्व वाली सरकार के द्वारा  'पंथनिरपेक्ष' शब्द की संविधान के उद्देशिका  में स्थापना ही अपने आप में लोकतंत्र की अंधभक्ति थी जिसका खामियाज़ा जनता भुगत रही है। आम जनता का ध्यान  रोजी-रोटी में लगा रहता है आवाम को  फुरसत ही कब है धर्मनिरपेक्षता और साम्प्रदायिकता  के पेचीदा मामलों फसने  की पर राजनीति कब किसे सुकून से रहने देती है?
ब्रिटिश काल में कांग्रेसी पंथनिरपेक्षता को राष्ट्रीयता से जोड़कर देखते थे उस समय साम्प्रदायिकता सच्चे अर्थों में राष्ट्रियता के विपरीत था। अन्य हिन्दू और मुस्लिम विचारधारा वाली पार्टियाँ न प्रसिद्धि पा सकीं न ही जनसंवेदना; निःसंदेह धर्मनिरपेक्षता ही कांग्रेस के शुरूआती सफलता का कारण था।
हाँ, अलग बात है कि कुछ वर्षों बाद पार्टी में विषमता आई और इसके बड़े भयावह परिणाम हुए।
    आज़ादी के बाद से ही धर्मनिरपेक्षता साम्प्रदायिकता पर हावी होने लगी,केंद्र सरकार साम्प्रदायिकता का पक्षधर नहीं रहा अपितु राष्टीयता की भवन जन-जन के मन में घर कर चुकी थी, लेकिन यह काल अधिक समय तक एक जैसा नहीं रहा। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने सम्प्रदायवाद को पृथक रखा और अपने कैबिनेट में मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और रफ़ी अहमद किदवई साहब को महत्वपूर्ण पद दिए। मतलब साथ था कि ये देश न हिंदुओं का है न मुसलमानों का। इस देश पर सबका समान अधिकार है, सबने स्वाधीनता संग्राम में अपने प्राणों की बाजी मिलकर लगायी है। नेहरू जी बापू के सपनों के भारत को साकार कर रहे थे तब देश को संप्रदाय की नहीं सहयोग की जरुरत थी, सांप्रदायिक संकीर्णता की नहीं अपितु राष्ट्रीय एकता की आवश्यकता थी। किन्तु भारतीय राजनीति के करवट बदलने का समय आ गया था। कुछ नए पार्टियों का बनना एक संकेत था आने वाले दिनों के लिए।
 देशभक्ति का नशा लोगों के सर से उतरा तो परिणाम अप्रत्याशित हुआ।
लोकतंत्र का एक सामान्य सा नियम है कि कुछ भी अधिक दिनों तक एक सा नहीं रहता। कुछ सुधार होते हैं तो कुछ बुराइयां भी आती हैं। धीरे-धीरे राजनीति ने एक नयी करवट ली।
दो बड़ी पार्टियां उभर कर सामने आयीं। कांग्रेस का अस्तित्व तो आज़ादी के पहले से था पर परिवर्तन साल दर साल आते गए मूल पार्टी कहीं खो सी गयी और भारतीय जनता पार्टी दूसरी बड़ी पार्टी बनी। ये दोनों एक दुसरे के प्रबलतम प्रतिद्वंदी हैं और इनके टकराव में तमाम प्रदेशिक और छोटी पार्टियां अपने आपको सेक्युलर कह कर अपना अस्तित्व बनाए रखती हैं।
कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी दोनों का सेक्युलर वार आज भारतीय जनमानस में क्रांति के शोले भरता है।
सही मायने मे भारतीय राजनीति में सेक्युलर शब्द का सबसे अधिक दुरूपयोग होता है भले ही आधुनिक लोग अपने आपको तथाकथित सेक्युलर कहते हों पर संप्रदाय को कंठ में बसा कर चलते हैं। जानते हैं कि चुनाव में जाति और संप्रदाय दोनों लाभदायक युक्ति हैं।
आज सेक्युलर का सीधा सा मतलब है वोट बैंक। मुस्लिम इस बात से खुश की उन्हें तवज्जो दी जा रही है और हिन्दू इस बात से खुश की उनकी तो सरकार ही है।
पार्टी चाहे कांग्रेस हो या भारतीय जनता पार्टी या क्षेत्रीय पार्टियां सबको भोली जनता को गुमराह करना आता है। दो-चार मीठी बातें और सांप्रदायिक गतिविधियों की आलोचना करके बड़े आराम से इनका काम बन जाता है।
भारतीय जनता पार्टी अक्सर सभी तथाकथित सेक्युलर पार्टियों का निशाना बनती है। कांग्रेस,सपा,बसपा,माकपा सबका एक सधा-साधया तीर होता है कि भाजपा सांप्रदायिक है। हो भी क्यों न राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का हाथ जो है।संघ का और भाजपा का रिश्ता तो चिर पुरातन है। संघ मानता है की हिंदुत्व और राष्ट्रीयता एक-दुसरे के पर्याय हैं। भारत हिंदुओं का राष्ट्र है और जो हिन्दू है वही देशभक्त है। वास्तविकता यह है कि ये संघ के विचार हैं न की भाजपा के पर माना यही जाता है की भाजपा ही इन बयानों के लिए उत्तरदायी है।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जिसके कार्यकर्ता वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी भी रहे हैं आज प्रधानमंत्री पद पर आसीन हैं तो ऐसे में संघ का सक्रिय होना प्रासंगिक ही है।
संघ; एक ऐसी संस्था जिसका अनुशासन समस्त भारतीयों के लिए अनुकरणीय है। भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की भावना को बढ़ाना सच्चे अर्थों में इस संस्था का मुख्य उद्देश्य है। संघ द्वारा संचालित विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे किस हद तक राष्ट्रवादी होते हैं इसका पता आप आसानी से किसी पास के विद्या मंदिर में जाकर लगा सकते हैं। देश को जानने की जो जिजीविषा उनमें होती है अन्यत्र कहीं कठिनाई से मिलती है। आज नरेंद्र मोदी के जिस व्यक्तित्व से सब प्रभावित है वो कहीं न कहीं संघ की ही देन है।
एक बात जो मन को कचोटती है वो यह है कि संघ तथाकथित संप्रदाय से ऊपर उठ राष्ट्रवाद की बात करने लगे और इस राष्ट्रवाद में केवल हिंदुत्व ही न हो अपितु सभी भारतीय धर्मावलंबी हों तो देश का कल्याण हो जाए। एक प्रसिद्द सूक्ति है-'अनुशासन ही देश को महान बनाता है।' यही अनुशासन तो संघ का ध्येय है तो क्यों न संघ को सेक्युलर कह दिया जाए? नहीं न ये बात गले से नीचे नहीं उतरती। संघ और सेक्युलर कैसे? इसी तरह अनुशासन मदरसों में भी होता है ।उनका भी कोई संघ बने जो राष्ट्रवाद और सेक्युलर होने की बात करे उसे भी गले से नीचे उतार पना बड़ा कठिन है।
सेक्युलर और संप्रदायिकता दोनों विकसित लोकतंत्र के लिए व्यर्थ और अप्रासंगिक हैं क्योंकि इनका सम्बन्ध नितांत राजनीतिक है। सेक्युलर  सबसे विवादित शब्द है जो संवैधानिक कम और राजनीतिक हथकंडा ज्यादा है। जिसका दाँव लगता है वही सेक्युलर हो जाता है।
भारतीय राजनीति राष्ट्रवादी न होकर सेक्युलर,साम्प्रदायिकता और आरक्षण के इर्द-गिर्द अधिक घूमती है। दुःख इस बात का है कि शिक्षित वर्ग भी इस छुद्र राजनीतिक युक्तियों से उबर नहीं पा रहा है। ये महज़ शब्द न होकर ऐसी विचारधारा बन चुके हैं जो प्रगति के मार्ग के सबसे बड़ा कंटक है। जनता इन भ्रामक शब्दों के व्याख्या में न पड़कर एकजुट होकर देश के विकास के लिए कार्य करे तो सार्थकता समझ में आती है पर यह अंतरकलह देखकर लगता है कि चारो तरफ सबसे ज्यादा बेवक़ूफ़ बनने की प्रतिस्पर्धा लगी है और प्रतिस्पर्धा में हर भारतीय विजेता बनने के लिए संकल्पित है। वर्तमान को देखकर डर लग रहा है, मन इस बात की गवाही नहीं दे रहा है कि अच्छे दिन आने वाले हैं....

प्रगति की बयार(हवा)

कितने गर्व की अनुभूति होती है जब
विदेशी मीडिया हमारे देश के बारे में बात
करती है, उत्साह और बढ़ जाता है जब बातें
सकारात्मक हों। एक देश जो किसी न
किसी क्षेत्र में हमारा प्रतिद्वंद्वी है
वो सारे द्वंद्व भूलकर जब मुक्त कंठ से हमारे
विदेश नीतियों की, प्रगति की,
शिक्षा की प्रशंसा करे तो निःसंदेह
गौरवान्वित होना स्वभाविक है। संयोग से
एक बार फिर भारत हर क्षेत्र में प्रगति कर
रहा है और अब विकास हर जगह दिखाई दे
रहा है। बात चाहे देश में बुलेट ट्रेन के दौड़ने
की हो या मंगलयान के मंगल ग्रह पर पहुँचने
की हो भारतीय हर जगह नाम कर रहे हैं।
भारतीय वैज्ञानिकों ने हर बार ये साबित
किया है कि सीमित संसाधन कभी विकास
कार्यों में रोड़ा नहीं बनते बल्कि नए
संसाधनों के मार्ग प्रशस्त करते हैं।
इतिहास याद करें तो जो भी भारत
आया भारतीयता और भारतीय
संस्कृति को मिटाने ही आया,
जो यहाँ आया लूट कर ही गया, पर इतना लुटने
के बाद भी भारत आज भी समृद्ध है, सारे
लुटेरों के बराबर खड़ा है बल्कि कहीं न
कहीं उनसे बेहतर और मज़बूत स्थिति में।
आज तो देश के कपूतों ने देश की थोड़ी बहुत
दुर्गति मचाई है वरना कितने
प्रगति का पर्याय होता भारत।
खैर इतिहास साक्षी है विश्व का कोई
भी देश इतने झंझावात झेलने के बाद अस्तित्व में
नहीं रह सका पर भारत हर दिन बेहतर
हो रहा है।
हमारे प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रों को भारत
का बढ़ता वर्चस्व खल रहा है तभी तो आये
दिन अपने मन की भड़ास निकालते रहते हैं
कभी घुसपैठ करके तो कभी बमबारी करके पर
हर बार हमारी सेना इनके दांत खट्टे करती है,
हर बार पूरी दुनिया में अपनी थू-थू कराते हैं।
कल तक जिस भारत को विश्व सँपेरों का देश
कहता था जिन्हें भारत असभ्य और बर्बर
लोगों का देश लगता था उन्हें आज फिर से
भारत विश्व गुरु लगने लगा है। भारत आज
सॉफ्टवेयर के क्षेत्र में दुनिया में सबसे आगे है।
चिकित्सा के क्षेत्र में तो आदिकाल से
सर्वश्रेष्ठ था अलग बात है कि हम
अपनी छवि को सुरक्षित नहीं रख पाए पर एक
बार फिर खुद को साबित कर रहे हैं।
दुनिया अपना आरोग्य योग में खोज रही है
यह भारतीय प्रतिभा का ही कमाल है
जो सुप्त पड़ चुकी कला को पुनर्जीवित
किया और विश्व में प्रचारित और प्रसारित
किया।
न्याय क्षेत्र में हमारे अधिवक्ता और
विधिवेत्ताओं की प्रसिद्धि दिन प्रतिदिन
बढ़ रही है। जिस कानून की पढ़ाई के लिए पहले
भारतीय विदेश जाते थे आज
विदेशियों को क़ानून पढ़ने के लिए भारत
आना पड़ रहा है यह भारतियों के बौद्धिक
क्षमता का करिश्मा है।
कोई भी ऐसा क्षेत्र
नहीं जहाँ हिन्दुस्तानियों के कदम मज़बूती से
टिके न हों।
हम तेज़ी से महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर हैं।
हमारी जलसेना, थलसेना और वायुसेना आज
विश्व के सबसे सशक्त सेनाओं में से एक है।
हमारे स्वतंत्रा सेनानियों के
सपनों का भारत आज अस्तित्व में हैं।
कमियां तो हर देश में हैं, कोई परिपूर्ण राष्ट्र
कैसे बन सकता है? गर्व है की हमारा देश अनंत
विडम्बनाओं के बावजूद भी प्रगति का पर्याय
प्रतीत हो रहा है। कुछ कमियां दूर करनी हैं पर
ये दायित्व तो हम भारतियों का है जिसे
मिलकर,एकजुट होकर सुधारना है। हमें अपने देश
को विश्वगुरु बनाना है, पूर्वजों के सपनों के
साकार करने का समय आ गया है चलो मिल
कर बनाते हैं अपने देश को सबसे बेहतर, ले चलते हैं
सबसे आगे अपने देश को जिससे पूरे विश्व
का सामूहिक स्वर हो-
“सारे जहाँ से अच्छा
हिंदुस्ताँ हमारा।”
चलो बढ़ाते हैं एक कदम हमारे सपनों के भारत
की ओर ”हम सबके सपनों के भारत की ओर।”

शुक्रवार, 19 दिसंबर 2014

बचपन और राष्ट्र का भविष्य (बिलखता बचपन...उलझते सपने)


पूरे विश्व की लगभग एक तिहाई जनसंख्या उन बच्चों की है जिनकी आयु एक वर्ष से चौदह वर्ष तक के बीच की है। एक तिहाई जनसंख्या ऐसी है जिसे प्रत्यक्ष रूप से अपने अभिभावकों के आश्रित हो जीवन सीखना है। बचपन उम्र का ऐसा पड़ाव जहाँ से व्यक्ति के भविष्य का निर्धारण होता है; उनका सम्पूर्ण विकास, उनके सोचने का स्तर, बुद्धिमत्ता के  निर्माण का प्रारंभ इसी अवस्था में होता है।
घर ,प्ले स्कूल और स्कूल ये सारी जगहें तो इनके सीखने के लिए ही तो होती हैं। हर अभिभावक, माता-पिता का स्वप्न होता है कि उनके बच्चों का सर्वांगीण विकास हो ताकि बड़े होकर कामयाब इंसान बने और माँ-बाप का नाम रौशन करें। स्कूल कुछ और नहीं इसी स्वप्न को साकार करने का साधन है। यह शिक्षा ही तो है जो विकसित व्यक्तित्व को खाद पानी देती है। किसी भी राष्ट्र का भविष्य वहां के भावी कर्णधार(बच्चों) पर टिका होता है। बच्चे तो भविष्य निर्माता होते हैं  किन्तु यही भविष्य जब सड़कों पर भीख मंगाते मिलें, कैंटीन में बर्तन धुलते मिलें या सड़क पर कूड़ा बिटोरते मिलें तो भविष्य से कैसी प्रत्याशा हो? क्या अनुमान लगाएं हम राष्ट्र और उनके भविष्य को लेकर? मासूमों बच्चों को कूड़ा-करकट साफ़ करने की मशीन समझें, कैंटीन में बर्तन धुलने की मशीन समझें या फुटपाथ पर सोने वाले माँ-बाप के लिए ए.टी.एम मशीन जो भीख मांग कर अपने घर की खर्ची चलाते हैं?
देश की एक बड़ी आबादी जिनके बच्चे स्कूल का मुँह तक नहीं देख पाते, स्कूल होता क्या है जिन्हें बिलकुल भी नहीं पता है।
ऐसी क्या मूलभूत कमी है जिसकी वजह से सरकार के इतने व्यापक नीतियों के बाद भी मासूमों के साथ केवल और केवल उत्पीड़न हो रहा है?
शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतें तक नहीं पूरी हो पाती हैं, कहीं न कहीं ये हमारे खोखले तंत्र की उपज हैं जिसका गिरना तय है। अब तो उम्मीद करना ही बेकार है की इन बच्चों के भी कभी अच्छे दिन आएंगे।
सरकार को पता नहीं क्यों एहसास नहीं है कि जब जनता की बुनियादी जरूरतें नहीं पूरी होती हैं विद्रोह तभी होता है, प्रजातान्त्रिक देश में विद्रोह का सीधा अर्थ बंटवारा होता है, क्या हम सोच लें या मानसिक रूप से विभाजन के लिए तैयार रहें? अशिक्षित और शोषित वर्ग को भड़काना बहुत आसान काम है; हमारे कमजोरी का लाभ लेने के लिए हमारे पडोसी इच्छुक हैं..एक बार का विभाजन आज तक हम झेल रहे हैं अब और विभाजन कैसी झेल पाएंगे...काश सरकार को ये समझ जाये और सर्व शिक्षा अभियान को और अधिक उदार करे, भारत के भविष्य को एक सकारात्मक और ऊर्जावान राह दिखाए।

सोमवार, 15 दिसंबर 2014

उम्मीद

अब उम्मीद नहीं कर पता मैं
कुछ पाने की
जहाँ से
क्योंकि
कुछ पाने की उधेड़बुन में
मैं
बहुत कुछ खोता हूँ।

मंगलवार, 9 दिसंबर 2014

जम्मू-कश्मीर(सियासत और शहादत)

२6 oct 1947, जम्मू और कश्मीर के भारत में विलय का ऐतिहासिक दिन, दिन ही नहीं  भारत के पूर्ण होने का समय जब भारत के नक़्शे में एक अखण्ड मुकुट जुड़ा, भारतीय गणतंत्र में एक और विशाल प्रदेश जुड़ा। यह प्रदेश न केवल भारतिय श्रद्धा का संगम था वरन मानव कल्पनाओं में वर्णित स्वर्ग को मूर्त रूप प्रदान करता था। कश्मीर प्रकृति के वरदान को साकार करता एक स्वप्नलोक कब हुक्मरानों के सियासत में पिसकर राष्ट्र के एकता और अखंडता पर एक सवाल बन बैठा पता न चला। विलय की शर्तें क्या थीं अब यह कोरा इतिहास बन चुका है जिसे मिटाकर कुछ नया करने की अपार संभावनाएं हैं पर हर बार सरकार भारतियो के भावनाओं का उपहास उड़ाती है।
कभी-कभी संदेह होता है कि हमारा देश वास्तव में एक सम्प्रभु राष्ट्र है अथवा टुकड़ों में बाटे भू-भाग के अतिरिक्त और कुछ नहीं जहाँ सियासत के नाम पर देश तक की सौदेबाज़ी होती है।
कभी पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का नासूर जो हमारे समर्थ होने के कल्पित आभास पर एक काला धब्बा है असीम कष्ट देता है तो कभी जम्मू और कश्मीर के नागरिकों का पाकिस्तान प्रेम जो हमें भीतर से खोखला करता है ।
 पाकिस्तान वर्षों से अपनी आतंकी और कुटिल छवि  को बरक़रार रखे हुए है। अक्सर अपने कुटिलता का सबूत भी देता है। बात चाहे 1947 की हो या 1965,1971 और 1999 के कारगिल युद्ध की हो पाकिस्तान ने अपनी सधी -सधाई फितरत को हर बार अंजाम दिया है। बेशर्म इतना है कि तीन बार करारी हार के बाद भी लड़ने का एक मौका नहीं छोड़ना चाहता।
कश्मीर का भारत में विलय होना पाकिस्तान की नजरों में हमेशा खटकता है कि कैसे एक मुस्लिम बाहुल्य प्रांत एक हिन्दू बाहुल्य राष्ट्र का हिस्सा हो सकता है?
कौन समझाए इन पाकिस्तानियों को राष्ट्र धर्म से नहीं सद्भावना से से बनता है।
 ये तो पाकिस्तान की बात हुई अब भारत की बात करते हैं।
ऐसा क्या है जो  आजादी के छः दशक बाद भी 'जम्मू और कश्मीर राज्य के सम्बन्ध में अस्थायी उपबन्ध' अनुच्छेद 370 आज तक हट न सका या संशोधित न हो सका?
एक राष्ट्र और ''दो संविधान" सुनकर कितना बुरा लगता है न?
अधिकतर 'एक्ट' जो भारत सरकार पास करती है वे जम्मू और कश्मीर में शून्य होते हैं। आप कुछ महत्वपूर्ण एक्ट्स के सेक्शन पढ़ सकते हैं उनमे अधिकतर जम्मू और कश्मीर में अप्रभावी होने की बात कही गयी है। उदहारण के लिए "भारतीय दण्ड संहिता" के धारा 1 को देखते हैं-
संहिता का नाम और उसके प्रवर्तन का विस्तार- यह अधिनियम भारतीय दण्ड संहिता कहलायेगा और इसका विस्तार जम्मू-कश्मीर राज्य के सिवाय सम्पूर्ण भारत पर होगा।
भारत के सबसे बड़े और प्रभावी   एक्ट का ये हाल है तो सामान्य एक्ट्स की बात ही क्या की जाए।
यह कैसी संप्रभुता है भारत देश की?
किसी राज्य को विशेष दर्जा कब तक दिया जाना उचित है? जवाब निःसंदेह यही होगा कि जब तक वो प्रदेश सक्षम न हो जाए। अब किस तरह की सक्षमता का इंतज़ार देश को है?
एक देश और दो संविधान क्यों है? कहीं न कहीं यह हमारे तंत्र की विफलता है कि हम अपनों को अपना न बना सके।
कश्मीर के निवासियों से पूछा जाए कि आपकी राष्ट्रीयता क्या है तो अधिकांश लोगों का जवाब होगा 'कश्मीरी'। अपने आपको भारतीय कहना शायद उनके मज़हब और मकसद की तौहीन होती है।
हमारे देश के नागरिक होकर उनका पाकिस्तान प्रेम अक्सर छलक पड़ता है ख़ास तौर से जब कोई पाकिस्तानी नेता भारत आये या भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच चल रहा हो, कश्मीरी नौजवानों को पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का मौका मिल जाता चाहे वो कश्मीर में हों या दिल्ली एअरपोर्ट पर या मेरठ के सुभारती विश्वविद्यालय में। कश्मीरियों का लगाव पाकिस्तान से कुछ ज्यादा ही है क्योंकि अराजकता और जिहाद का ठेका पाकिस्तान बड़े मनोयोग से पूरा करता है।
संयोग से अलगाव वादियों को पाकिस्तान भरपूर समर्थन भी दे रहा है और ज़िहाद के नाम पर मुस्लिम युवकों को गुमराह भी कर रहा है। 70 हूरों के लिए 700 लोगों को बेरहमी से मारना केवल यहीं जायज हो सकता है।
अलगाव वादियों की ऑंखें पाकिस्तान के आतंरिक मसलों  को देख कर नहीं खुलतीं; राजनीतिक अस्थिरता, गृह युद्ध की स्थिति, आतंकवाद और भुखमरी के अलावा पाकिस्तान में है क्या?
एक अलग राष्ट्र की संकल्पना करने वाले लोग गिनती के हैं पर उनके समर्थन में खड़ी जनता को भारत का प्रेम नहीं दिखता या आतंकवाद की पट्टी आँखों को कुछ सूझने नहीं देती।
उमर् अब्दुल्लाह, कश्मीर के कुछ दिन पहले तक मुख्यमंत्री और कद्दवार नेता हैं या पाकिस्तान के आधिकारिक एजेंट समझ में नहीं आता। अनुच्छेद 370 विलोपन के सम्बन्ध में बहस पर उनकी दो टूक प्रतिक्रिया होती है कि यदि ऐसा होता है तो 'कश्मीर भारत का हिस्सा नहीं होगा' ऐसी प्रतिक्रिया आती है, भारतीय संप्रभुता पर इससे बढ़कर और तमाचा क्या होगा?
केंद्र सरकार कब तक विश्व समुदाय के भय से अपने ही हिस्से को अपना नहीं कहेगी? अनुच्छेद 370 को कब तक हम "कुकर्मो की थाती की तरह ढोएंगे? एक भूल जो नेहरू जी ने की थी कि अपने देश की समस्या को संयुक्त राष्ट्र संघ में ले गए और दूसरी भूल हमारी सरकारें कर रही हैं जो कल के भूल को आज तक सुधार नहीं पायी । हमारे आतंरिक मसले में भला तीसरे संगठन का क्या काम?
भारत सरकार जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा के लिए अरबों पैसे खर्च करती है पर बदले में क्या मिलता है, सैनिकों की नृषंस हत्या? जनता का दुत्कार और उपेक्षा? सुनकर हृदय फटता है कि सैनिकों की हत्या के पीछे सबसे बड़ा हाथ वहां की जनता का है। जो उनकी हिफाज़त के लिए अपनों से दूर मौत के साए में दिन-रात खड़ा है उसे ही मौत के सुपुर्द कर दिया जाता है। क्या हमारे जवानों के शहादत का कोई मतलब ही नहीं? कब तक हमारे सैनिकों का सर कटा जाएगा? कब तक भारतीय नारी वैधव्य की पीड़ा झेलेगी सियासत की वजह से? कम से कम शहादत पर सियासत तो न हो।
हमेशा देश के विरुद्ध आचरण करने वाली जम्मू-कश्मीर की  प्रदेश सरकार जो कुछ दिन पहले तक सत्ता में थी जब महाप्रलय आया तो हाथ खड़े कर दिया और केंद्र सरकार से मदद मांगी। सेना ने अपने जान पर खेल कर कश्मीरियों की जान बचाई पर सुरक्षित होने पर प्रतिक्रिया क्या मिली? सैनिकों पर पत्थर फेंके गए, जान बचाने का प्रतिफल इतना भयंकर?
कभी-कभी कश्मीरियों की पाकिस्तान-परस्ती देख कर ऐसा लगता है कि ये हमारे देश के हैं ही नहीं, फिर हम क्यों इनके लिए अपने देश के जाँबाज़ सैनिको की बलि देते हैं? एक तरफ पाकिस्तान का छद्म युद्ध तो दूसरी तरफ अपनों का सौतेला व्यवहार आम जनता को कष्ट नहीं होगा तो और क्या होगा? अनुच्छेद 370 का पुर्नवलोकन नितांत आवश्यक है और विलोपन भी अन्यथा पडोसी मुल्क बरगला कर कश्मीरियों से कुछ भी करा सकता है अप्रत्याशित और बर्बरता के सीमा से परे।
एक तरफ हमारा पडोसी मुल्क चीन है जो सदियों से स्वतंत्र राष्ट्र "तिब्बत" को अपना हिस्सा बता जबरन अधिकार करता है तो दूसरी ओर हम हैं जो अपने अभिन्न हिस्से पर कब्ज़ा करने में काँप रहे हैं। यह कैसी कायरता है जो इतने आज़ाद होने के बाद भी नहीं मिटी।
दशकों बाद भारत में बहुमत की सरकार बनी है, वर्षों बाद कोई सिंह गर्जना करने वाला व्यक्ति प्रधान मंत्री बना है तो क्यों न जनता के वर्षों पुराने जख़्म पर मरहम लगाया जाए  कौन सी ऐसी ताकत है जो भारत के विजय अभियान में रोड़ा अटका सके? इस बार तो कोई निर्णायक फैसला होना चाहिए, सैनिकों के शहादत का कोई प्रतिफल आना चाहिए। यदि फिर धोखा मिला तो जनता हुक्मरानों को कभी माफ़ नहीं करेगी और ये समझ लेगी कि धोखा और फरेब का नाम ही राजनीति है और कश्मीर मसले का हल केवल और केवल एक दिवा स्वप्न है।

शुक्रवार, 28 नवंबर 2014

एक ख़त तुम्हारे नाम

कुछ कहना चाहता हूँ तुमसे, कुछ सुनाना चाहता हूँ तुम्हे शायद मेरा बोझ हल्का हो जाए तुम्हे कुछ सुनाकर।
बातें तो ढेर सारी हैं सुनाया तो महीनों गुजर जायेंगे। जानता हूँ तुम अपने दुनिया में मसरूफ़ हो मुझे सुनने के लिए तुम्हारे पास वक्त कहाँ?
ख़ुशी है क़ि तुम्हारी मसरूफियत बढ़ रही है साथ ही साथ मुझसे अजनबियत भी।
सुना है क़ि वक़्त बहुत तेज़ी से बदलता है और वक्त का पीछा करते-करते कभी-कभी इंसान भी बदल जाते हैं। बदलाव कभी भी अप्रत्याशित नहीं होता बल्कि परिस्थितिजन्य होता है। तुम्हारी जगह अगर मैं भी होता तो शायद बदल गया होता पर क्या करूँ मुझे मेरे  हालात से मोहब्बत जो है बदलता कैसे?
तुम्हे देखकर एहसास होता है कि कामयाबी होती क्या है। तुमने मुझे कामयाब और नाकामयाब लोगों के "अपनों" का मतलब समझाया वरना अब तक इस बड़े फर्क से मैं अनजान रह जाता।
एक कामयाब इंसान के लिए "अपनों" का मतलब माँ-बाप, पत्नी और बच्चों तक सिमटा होता है वहीं नाकामयाब इंसान पूरी दुनिया को अपना मानता है और शायद यही वजह है उम्मीदों के टूटने का। हर कोई अपना तो नहीं हो सकता न? खैर ग़लतफ़हमी की कुछ तो सजा मिलनी चाहिए।
इंसान की एक फितरत होती है कि उसे परेशानी में अपने कुछ ज्यादा ही याद आते हैं। बात खुद के परेशानी की हो तो तो किसी के मदद की जरुरत नहीं पड़ती, मुसीबतों से उबरने का हुनर इंसान सीख कर पैदा होता है पर जब बात किसी 'अपने' के जिंदगी की हो तो डर लगता है कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए। इंसान  डरता है तो सिर्फ अपनों की वजह से वरना गुरुर तो पुरखों की धरोहर होती है।
हम मदद उसी से मांगते हैं जिसे खुद से बेहतर पाते हैं तुम्हे बेहतर मानना मेरे जिंदगी की बड़ी गलती थी। तुम्हारे बेहतर कामयाबी के वजह की वज़ह नहीं जानी।
शुक्रिया! इस तल्ख़ हक़ीक़त से रूबरू कराने के लिए कि " कामयाबी मिलने पर 'अपनों' की परिभाषा सीमित और नाकामयाब होने पर व्यापक हो जाती है।"
परेशानियां किसके जिंदगी में नहीं आतीं? इस दौर से कभी तुम भी गुजरे हो, हज़ारों जख़्म तुम्हे भी लगे हैं...अवसाद में तुम भी पागल हुए हो जहाँ तक मैं तुम्हे जानता हूँ।
अतीत को टटोलो तो शायद तुम्हे मेरे आज का एहसास हो जाए।
तुम्हारे संघर्ष के दिनों में भेजी गयी चिट्ठियों को मैंने आज भी सहेज कर रखा है जब अवसाद तुम पर हावी था और तुम असहाय बन वक़्त को कोस रहे थे, तुम्हारा कन्धा थपथपाने वालों में शायद सबसे करीब मैं था।
आज मुझे तुम्हारी जरुरत थी और तुमने मुझे सुनना तक ठीक नहीं समझा।
तुमसे क्या कहूँ तुम तो व्याख्याता हो। तुम्हारे दृष्टान्त तो सजीव प्रतीत होते हैं लोग खो जाते हैं तुम्हारे शब्दों के सम्मोहन में; तुम्हारी तुलना में मैं तो कहीं नहीं ठहरता  पर तुम्हे एक राय देना चाहता हूँ सुन लेना अगर मन करे तो। मेरे लिए बोलना मुश्किल है आख्यान कहाँ दे पाऊंगा फिर भी कोशिश कर रहा हूँ।
जानते हो, "जब सूरज तपता है तो  ढलता है।" विधाता का शाश्वत नियम है 'उत्थान और पतन।' सीधे शब्दों में जो उठता है वो गिरता जरूर है और जो गिरता है उसका उठना भी तय है। जीवन उत्थान और पतन का समुच्चय है, महत्वपूर्ण है उत्थान और पतन का समन्वयन। नीति कहती है कि अहंकार पतन का हेतु है। अहंकार मत आने दो भले ही सफलता के सर्वोच्च शिखर पर कदम हों,सही मायने में तब सही समय होता है अपने कदम और मज़बूती से जमाने का, स्थिर होने का क्योंकि जो शिखर से गिरता है वो गर्त में जाता है। शिखर पर होना बहुत आम बात है। कोई भी परिश्रम करके वहां पहुँच सकता है, ख़ास बात है शिखर पर टिकना-शिखर का पर्याय हो जाना।
सफलता सहेजी जाती है सहेजना ही सफलता को अमरत्व देती है। इस अमरत्व की औषधि क्या है पता है?? "विनम्रता"।
जो विनम्र नहीं उसकी सफलता छड़िक होती है तुम्हे तो ऊपर जाना था फिर यह ओछी हरकत क्यों??
शायद तुम मुझे ये कहो कि "लोग अपनी कमियों को छिपाने के लिए दर्शन का सहारा लेते हैं"। ऐसा मत सोचना ये दर्शन नहीं यथार्थ है।
तुम मेरे नितांत अपने हो, अगाध प्रेम है तुमसे। हाँ! तुम मुझे अपना मानो ऐसी प्रत्याशा नहीं है मेरी। चाहता हूँ तुम सफलता के पर्याय बनो पर तुम्हारा व्यवहार मुझे शशंकित करता है।आगे तुम्हारी इच्छा।
     ये निरर्थक बातें मैं तुमसे न कहता तो मन पर एक बोझ रहता आज कह कर थोड़ी राहत मिली है।
एक एहसान है तुम्हारा मुझ पर। तुमने मुझे हकीकत से रूबरू कराया, मुझे मेरी औकात दिखाई शायद तुम मेरे काम आते तो मैं निष्क्रिय रह जाता। अब तो चोट लगी है मरहम खुद ही लगाना है।
हो सकता था कि मैं परिजीवी बन जाता पर अब आत्मनिर्भर होने की धुन सवार है मुझ पर। विश्व के आश्रयदाता तो  भगवान हैं उनके अलावा किसी और के होने का सवाल ही नहीं पैदा होता, सोच रहा हूँ इस पुनीत कार्य का माध्यम बन जाऊँ।
हाँ! तुम्हारा एहसान मुझे याद है आज ही निभा दिया तो कृतघ्नता होगी और मैं कृतज्ञ बनना चाहता हूँ कृतघ्न नहीं।
जब तुम्हे मेरी जरुरत होगी मैं नरक से भी दौड़ा आऊँगा आख़िर तुम मेरे अपने जो हो।
शुक्रिया! मुझे आईना दिखाने के लिए।