मंगलवार, 20 मार्च 2018

मेरी किताबें अब अलमारियां पढ़ती हैं




अब मैंने पढ़ना छोड़ दिया है। मेरी किताबें, अलमारियां रोज़ पढ़ती हैं। उनसे जो छूट जाता है, उन्हें मेरा बैग पढ़ता है। मेरे कमरे में अलमारी, बैग, रैक, दरी, चटाई, बेड सब पढ़ने वाले बन गए हैं। जबसे उन्होंने पढ़ना शुरू किया है, मेरा पढ़ने का मन ही नहीं करता।

कई बार सोचता हूं जब रूम में इतने पढ़ाकू हैं तो उनसे कुछ पूछ लिया जाए, घंटों पूछता हूं पर कुछ बोलते ही नहीं। मेरे घर में पड़े सामान बहुत ढीठ हो गए हैं।

उनकी चुप्पी बिलकुल मेरी तरह हो गई है। जैसे मेरा हाल गणित वाली घंटी में हो जाता था, चुप, सन्न, शांत; ठीक वैसे ही।

मेरे हाथ पर तो बेहया के डंडे पड़ते थे लेकिन इन्हें तो मैंने कभी मारा ही नहीं। न ही इनसे मेरा गुरु और शिष्य का संबंध है। इनकी चुप्पी मुझे बहुत अखरती है।

मुझे भरोसा है, किसी दिन मैं यह समझ जाऊंगा कि मुझमें और इनमें कुछ भी अंतर नहीं। इन्हें भी कुछ नहीं आता और मुझे भी कुछ नहीं आता। फिर उसी दिन हमारी कट्टी ख़त्म हो जाएगी और ये मुझसे कहेंगे "दाल, भात, मिट्ठी, कब्बो न कट्टी।"

-इनका अभिषेक।

(फोटो स्रोत- फ्लिकर)

शनिवार, 17 मार्च 2018

क्योंकि साहित्यकार पत्रकार नहीं है



जीवंत किरदारों से प्रेरणा लेना हर लेखक का सामान्य व्यवहार है लेकिन जब लेखक किसी जीवंत किरदार का पीछा करने लगता है तो वह अनभिज्ञता में ही सही, अपने लेखकीय धर्म को तिलांजलि दे रहा होता है। किरदारों का पीछा पत्रकार करते हैं, साहित्यकार नहीं। साहित्य पत्रकारिता नहीं है।

कार्यव्यवहार की दृष्टि से साहित्यकार का काम पात्र रचना है, प्रपंच रचना नहीं। प्राय: ऐसा होता है कि किसी वास्तविक जीवन के किरदार से प्रभावित होते हुए साहित्यकार उसका पीछा करने लगते हैं। किसी किरदार को वास्तविक बनाने के प्रयास में किरदार को ओढ़ने-बिछाने लगते हैं। वहीं साहित्य का उसके मूलधर्म से विलगन हो जाता है।

अनुगामी होकर सब कुछ रचा जा सकता है लेकिन साहित्य नहीं क्योंकि साहित्यकार किसी का अनुगामी नहीं होता, जो होता है वह कुछ और ही होता है, साहित्य से उसका कोई सम्बन्ध नहीं होता है।

वास्तविक जीवन के किरदारों से प्रभावित होकर किरदार गढ़े जाते हैं। ध्यान रहे, सिर्फ प्रभावित हुआ जाता है, किसी किरदार को अक्षरश: लिख नहीं दिया जाता है। कल्पना लेखक के लिए तूलिका की तरह है।
कोरे पन्नों पर छवि उकेरी जाती है। रंगमंच गढ़ा जाता है। कल्पित पात्र रचा जाता है। कल्पना को विस्तार दिया जाता है लेकिन किसी की जीवनी नहीं लिखते।

व्यक्तिगत लेखन, लेखनी के लिए विष की तरह होता है। किसी पर व्यक्तिगत प्रहार यदि लेखक को सीधे तौर पर करना पड़ा तो उसे बौद्धिक रूप से अपंग ही कहा जाएगा।  कल्पना का विस्तार व्यक्ति को सार्वभौमिक बनाता है। किसी रचना को कालजयी बनाने की कला भी कल्पना शक्ति में ही निहित है, प्रपंच में नहीं।

पत्रकार जीवन भर लिखते हैं। सच लिखते हैं। यथार्थ भी। लेकिन कुछ अपवादों को छोड़कर किसी को पत्रकारों के नाम याद नहीं रहते क्योंकि जाने-अनजाने में उन्हें भी वास्तविक किरदारों के पीछे भागना पड़ता है। किरदार तो वक़्त के साथ बदलते रहते हैं पर पत्रकार वहीं टिके रह जाते हैं। इसलिए इतिहास दोनों को भुला देता है।

पात्र बदलते रहते हैं। गतिशील जगत में भ्रम के अतिरिक्त कुछ भी स्थाई नहीं है। जीवन-मृत्यु भी नहीं। जिसे विधि गढ़ती है उसके भी किरदार बदलते रहते हैं। लेकिन जिन किरदारों को व्यक्ति रचता है वह स्थाई हो जाते हैं।

सिनेमा, साहित्य, कला, रंगमंच सैकड़ों उदाहरण हैं जहां किरदार अमर रह जाते हैं। कोई उन्हें रच कर चला जाता है, कोई उनमें नई संभावनाएं तलाशता है। सृजन स्थाई है, कहानियां बार-बार पढ़ी जाती हैं, ख़बर दोबारा नहीं पढ़ी जाती जब तक प्रश्न आजीविका से न जुड़ा हो।



सत्य को प्रत्यक्ष रूप से भी कहा जा सकता है, परोक्ष रूप से भी। साहित्य में प्रत्यक्ष को भी परोक्ष रूप से कहने की परंपरा है। प्रेमचंद ने भी सत्य कहा है, प्रसाद ने भी। महादेवी, अज्ञेय और बच्चन ने भी। सबने भोगा हुआ यथार्थ लिखा है लेकिन सबके कहने का ढंग अलग था। पहले पात्र रचा, फिर बात कही। किसी पर व्यक्तिगत आक्षेप नहीं लगाए। बच्चन का सत्य अज्ञेय या धर्मवीर भारती का सच नहीं है। उन्होंने यथार्थ लिखा। अपना यथार्थ, किसी और का नहीं।

अज्ञेय ने न जाने किसे लिखा, पर चरित्र रच दिया। सच कह दिया। बता दिया कि विरूपता ही असली मनोविज्ञान है। मानव, जिन संबंधों को पवित्र समझता है, उन्हें आदिम मानव कुछ और ही समझता। सामाजिक बंधन थोपे जाते हैं, स्वाभाविक नहीं होते। बच्चन ईमानदार थे। उनमें सच कहने की क्षमता थी लेकिन कल्पना के पुट के साथ। उनकी आत्मकथा को भोगा हुआ यथार्थ नहीं कहा जा सकता।

सृजन की राह पर चलने वाले पथिक यदि वास्तविक जीवन के किरदारों का पीछा करते हैं तो उन्हें अपयश के अतिरिक्त कुछ और हासिल नहीं होता। किरदारों के पीछे भागते-भागते प्रपंच मनोवृत्ति बन जाती है। सामान्य व्यक्ति के लिए प्रपंच उसकी ज़िंदगी का हिस्सा होता है लेकिन लेखक के लिए नहीं। बचना चाहिए। ऐसा यथार्थ क्यों लिखना जिसे पढ़कर खेद हो, क्लेश हो और लोग आहत हों। लेखक का अपराध बोध ह्रदय विदारक होता है। शनै: शनै: वह अवसादी बनने लगता है।

अवसाद ही मृत्यु है। हालांकि उसके अवसादी होने में भी समाज का हित छिपा होता है। लेखक जब अवसाद में होता है तो सृजनशीलता स्वत: बढ़ जाती है। उसका अवसाद जग के लिए मनोरंजक होता है।

संबंध जोड़ने के लिए होते हैं। उन्हें तोड़ने का माध्यम न बनें। सृजक बनें, ध्वनिविस्तारक नहीं। लिखें, प्रपंची न बनें। आपके भविष्य के लिए ज़हर है, आपका प्रपंची होना। ख़बर लिखेंगे या ख़बर बनेंगे फ़ैसला आपका है। सृजन का वृक्ष बनना है या आभासी दुनिया में 300 शब्दों की छोटी सी ख़बर, जिसका प्रकाशन प्राथमिकता के हिसाब से तय होता है, ऐसी ख़बर जिसे लिखने वाला ही याद नहीं रख पाता।

अंत में,

व्यक्तित्व का विस्तार ही जीवन है। इसमें निर्बाध रूप से बहते रहें, आप का सृजन किसी के पांव का कांटा न बने। चुभे न। सृजन का आधार यही है। स्वांत: सुखाय रचना की नींव में बहुजन हिताय-बहुजन सुखाय का मंत्र छिपा होता है। अदृश्य रूप से। इसकी अनुभूति तभी होगी जब आप सृजक बनेंगे, प्रपंची नहीं।

शुभमस्तु।

(भइया ने समझाया है, मैंने बस टाइप ही किया है)


(फोटो स्रोत: www.pexels.com)

शनिवार, 3 मार्च 2018

पर्दा है पर्दा, पर्दे के पीछे पर्दानशीं है



आवरण!
विरूपता को ढकने का आवरण. 
सहजता का बोध न होने देने का आवरण.
पर्दे के भीतर का कलाकार बाहरी दुनिया की दृष्टि से ओझल रहे, इस हेतु आवरण.
दुनिया को आवरण बहुत पसंद है क्योंकि आवरण, यथार्थ ढकने का साधन  है. भ्रम ही सही, किंतु कुछ क्षणों के लिए आवरण का भ्रम किसी को भी दुविधा में डाल सकता है.
अभिनेता भी यही आवरण ओढ़ते हैं क्योंकि आवरण ज्ञात को अज्ञात करने का साधन है. जब कोई अभिनय करता है तो उसके पूर्ववर्ती स्वरूप का ध्यान किसी को नहीं होता. उसकी सत्ता गौण हो जाती है, पटकथा का पात्र प्रासंगिक हो जाता है. अभिनेता की वृत्ति अभिनय है. अभिनय से परे  उसका व्यक्तित्व  होता है. स्वाभाविक, जैसा है वह, वैसा ही.

जिन्होंने अभिनय का ककहरा नहीं सीखा है वह अभिनेताओं से अच्छा अभिनय करते हैं. व्यक्तिगत जीवन में. क्योंकि दुनिया रंगमंच हो या न हो, दुनिया में अभिनेता बहुत हैं. जिनकी वृत्ति अभिनय है, उनका अभिनय क्षणिक है. जिनके लिए अभिनय वृत्ति नहीं है, उन्हें जीवन भर उसे ढोना पड़ता है. यथार्थ जीवन के अभिनेता  भीतर की प्रवृत्ति को बाहर के आचरण से नियंत्रित कर ले जाते हैं. उनका अभिनय स्वाभाविक लगता है. 

मुंशी प्रेमचंद ने कहा भी है, ''धूर्त व्यक्ति का अपनी भावनाओं पर जो नियंत्रण होता है वह किसी सिद्ध योगी के लिए भी कठिन है." ऐसे सिद्धयोगी दुर्लभ नहीं हमारे-आपके सामने घूम रहे हैं. मैं भी उनमें से एक हो सकता हूं, आप भी.

बुराइयों की  भनक किसी को नहीं लगेगी, अच्छाइयों के प्रचार के लिए पर्चे बांटे जा सकते हैं. बांटे भी जाते हैं क्योंकि जब आचरण का विज्ञापन किया जाता है तो रेट अच्छा लगता है. लाखों में. दूल्हा अच्छा बिकता है. लड़की का बाप अच्छा दामाद खरीदता है. राम जैसा.
अलग बात है, हर राम रावण है पर हर घोषित रावण का चरित्र उतना भी खराब नहीं होता जितना शोर मचाया जाता है. तात्पर्य यही कि पुण्यात्माओं से बड़ा पापी ढूंढने से नहीं मिलता. लड़का भी.

मैंने कुछ स्तरीय पाप किए होंगे जिनके बारे में मेरे अलावा कोई नहीं जानता. कोई मेरे बारे में अगर अफवाह भी उड़ाए तो  किसी को विश्वास नहीं हो सकता. बच्चन जी की एक पंक्ति है  जो मुझ पर फ़िट बैठती है, "पाप हो या पुण्य हो कुछ नहीं, मैंने किया, कभी आधे ह्रदय से." सबके लिए मैं अच्छा बच्चा हूं. गुड ब्वॉय. संस्कारी. मेरा कुसंस्कार शायद मुझ तक सीमित है. किसी को  मेरी कमियों की ख़बर भी नहीं होगी. मुझे भी नहीं. हो भी नहीं सकता. भावुकता में सतर्कता के साथ समझौता टूटने नहीं पाया. टूट भी नहीं सकता. लेकिन इससे मेरे पाप तो कम नहीं होंगे. जो किया है उसे भोगना है. किसी भी रूप में. मेरा पाप यह है कि अभिनय मेरी वृत्ति का हिस्सा नहीं है लेकिन मैंने अभिनय किया है. संस्कारी बने रहने का अभिनय, संस्कार को तिलांजलि देने के बाद भी.


तथाकथित संस्कार. घरवालों के लिए राम, भीतर से रावण. दर्पण मुझे काटने दौड़ सकता है अगर कभी सामने पड़ गया तो. कब तक भागूंगा ख़ुद से. सामना तो होगा न कभी न कभी मेरा मुझसे.

प्यार! शरीर! आलिंगन! संबंध! विलगन! निष्कर्ष, चरित्र हनन.
मैं चरित्रवान, मेरे साथ किसी कार्य में जिसकी बराबर की संलिप्तता वह चरित्रहीन.
मैं पुरुष, वह स्त्री.
समाज के लिए मैं राम, वह सुपर्णखा.
मैं अपने घर की मर्यादा का  रक्षक, वह कुलटा.
मैं उत्तम चरित्र का पुरुष, वह वैश्या.
ऐसा क्यों?
मुझे पर मेरे घर को गर्व, मैं कुलदीपक!!
वह कलंकिनी.
महिलाएं कुलटा हैं. पुरुष चरित्रवान हैं.
यह आदिम संविधान द्वारा रची गई माया है. कई युग बीतेंगे इससे पार पाने में. सच यही है.


मेरी तरह लाखों संस्कारी बच्चे घूम रहे हैं. पवित्र. शाश्वत. पावक की तरह. सूर्य से भी अधिक ओजस्वी. दीपमान. संस्कारी तो राम से भी अधिक.
बच के रहिएगा. राम, रावण से ज़्यादा बुरे हैं. कलियुग वाले.
कुकर्म कोई बचा नहीं है. सत्कर्म का आवरण है. पीढ़ियां बीत जाएंगी उस आवरण का अनावरण करने में क्योंकि बहुसंख्यक समाज की अवधारणा अल्पसंख्यक समाज की नियति बन जाती है. न जाने क्यों. बनी-बनाई अवधारणाएं टूटती नही हैं. तोड़ भी नहीं सकते हैं.
मैं भी ग़लत हूं. आप भी ग़लत हैं. सामाज भी ग़लत है. सच पच नहीं पाता. आमाशय समाज का दुर्बल है.
आवरण की आदत लग गई है. लोग वल्कल वस्त्र पहन कर व्यभिचार करते हैं. मैं भी. बहुत प्यारा बच्चा हूं, सबकी नज़रों में. दुआ कीजिए मेरे आवरण का अनावरण न होने पाए.

-अभिषेक शुक्ल


(फोटो स्रोत: Heraldsun)

रविवार, 25 फ़रवरी 2018

नागिन इतनी ख़ूबसूरत होती है क्या?




किसी शायर ने ठीक ही कहा है-
ज़िंदगी क्या है
फ़कत मौत का टलते रहना.

वक़्त कई बार इसका एहसास भी करा देता है. सांसे कब,  किसकी कितनी देर टिकी रहेंगी इसका अंदाज़ा न सांस लेने वाले को होता है न ही साथ रहने वाले को. क़ुदरत है, कुछ रहस्यों पर उसका एकाधिकार है जिसे सुलझाने का हक बस उसे ही है. कोई उसमें चाह कर भी कुछ नहीं कर सकता. डॉक्टर, वैद्य, वैज्ञानिक सब छलावा है.

श्रीदेवी नहीं रहीं. ब्लैक एंड व्हाइट टीवी के ज़माने में फिल्म देखना किसी त्योहार की तरह होता था. बैटरी और चिमटी के सहारे फिल्म देखने वाली पीढ़ी श्रीदेवी की फैन क्यों न हो?  इतनी खूबसूरत निगाहें उनके अलावा किसकी हो सकती हैं? टीवी पर श्रीदेवी की फिल्म आ रही हो तो सबके आंखों की चमक बढ़ जाती थी. महतो काका, गंगाराम काका, कपूर भाई या मुड़लाही काकी सबको श्रीदेवी ही पसंद थीं.

एक ज़माना आया जब सिनेमा हॉल घर-घर खुलने लगा. मतलब पर्दा वाला वीडियो. थिएटर का संसार, सीधे आपके द्वार. जनरेटर भले ही कितना खटर-पटर करे लेकिन पर्दे पर अगर श्रीदेवी हों तो जनरेटर की आवाज भी बांसुरी जैसी लगती थी.

पर्दे वाले वीडियो पर पहली फिल्म मैंने देखी थी निगाहें. रंगीन पर्दा था. श्रीदेवी थीं. उन्हें ही देखता रह गया बस. प्यार हो गया था तभी. खैर उसके बाद दो फिल्में और चली थीं, मीनाक्षी की नाचे नागिन गली-गली और माधुरी की हम आपके हैं कौन.

माधुरी, मीनाक्षी शेषाद्री और श्रीदेवी. तीनों से एक ही दिन प्यार हो गया था. अब तक प्यार है.  श्रीदेवी मुझे पूर्ण लगती थीं. ख़ूबसूरती की परिभाषाओं में न सिमटने वाली. अद्भुत, अद्वितीय. उनसा कोई न था न होगा.

उनकी आख़िरी फ़िल्म मैंने देखी थी इंग्लिश-विंग्लिश. पर्दे पर वापसी धमाकेदार थी. धाराप्रवाह अंग्रेज़ी बोलने वाली अभिनेत्री को इस फ़िल्म में देख कर लगा ही नहीं कि उसे अंग्रेज़ी आती भी होगी. लड्डू बनाने वाली घरेलू महिला, पति के अहंकार और अपमान के  बीच लटकती-झूलती श्रीदेवी. उनसे बेहतर कोई और इस फ़िल्म में शायद ही फ़िट होता.

मैं तेरी दुश्मन-दुश्मन तू मेरा. इसे देखने के बाद कुछ दिन तक मैं भी उन्हें इच्छाधारी नागिन ही समझता था. थीं भी वह कुछ रहस्यमयी सी.
उनकी अदाकारी कम देख पाया उन्हें ही देखता रहा. मेरे लिए उनकी ख़ूबसूरती अभिनय पर भारी पड़ गई थी.

श्रीदेवी अब नहीं हैं. यह सच है. ऑफ़िस आते वक़्त नेट ऑन किया तो सबसे पहले दिखा नहीं रहीं श्रीदेवी. ये ब्रेकिंग सिस्टम भी न अजीब सी चीज़ है. अफ़वाह से पहले सच की ख़बर मिल जाती है. सोचने का भी मौक़ा नहीं मिला कि यह ख़बर अफ़वाह है.

मौत भी अजीब सी मेहमान है. बिना बुलाए आ जाती है. मरने पर रोना-धोना कौन करे.  हैदर अली आतिश ने ठीक ही कहा है-
उठ गई हैं सामने से कैसी कैसी सूरतें
रोइए किस के लिए किस किस का मातम कीजिए.

- अभिषेक शुक्ल

शनिवार, 13 जनवरी 2018

गली के कुत्ते, गली के अंदर, बहुत ही तन कर, खड़े हुए हैं



गली के कुत्ते, गली के अंदर, बहुत ही तन कर, खड़े हुए हैं 
मैं आना चाहूं, गली के अंदर, पड़ी हैं पीछे, हज़ारों कुतियां 
ये भौंकती हैं, वे भौंकते हैं, ये भौंकते हैं, वे भौंकती हैं 
मैं भगना चाहूं, जिगर लगा कर, वे काट खाएं कि जैसे हडियां। 

संभल के चलना, रही है फ़ितरत, मगर लगे हैं, कई सौ टांके 
कई गली में में, मैं गिर के संभला, कई गली में, चुभी थी कटियां 
सिहर ही जाता, मैं याद करके, वो दस बजे का, अजब सा मंज़र 
वो लंबी जीभें, वो दांत तीखे, वो ख़ौफ़ आलम, सियाह रतियां।। 

(आज कुत्ता संघ के द्वारा दौड़ाए जाने के बाद, दिल से यही निकला...क्षमा सहित....आमिर ख़ुसरो…..आलोक श्रीवास्तव.....मेरे साथ वाले लड़के की मरम्मत संघ ने कर दी है, पांच इंजेक्शन उसे लग के रहेगा...मैं सुरक्षित हूं. ये वाला कुत्ता नहीं था...ये अच्छा वाला है...बेरसराय रहता है....IIMC में इसका आना-जाना है)

बुधवार, 10 जनवरी 2018

आंख खुली चौराहे पाए

एक पांव राहों में धरता
सौ-सौ राहें ख़ुद ही फूटें,
अनुभव वाला मांझा लेकर
मेरी रोज़ पतंगे लूटें।

मुझको जाने क्यों भ्रम होता
छाती में आत्म अधीरा है,
जो ओझल जग रही सदा
वह रोती-गाती मीरा है।

मन के भ्रम को कमतर आंके
थोड़ा सा भीतर भी झांके
भय, विस्मय, निर्वेद, ग्लानि की
चादर कोई नियमित टांके।

चीखें सुन सब चुप हो जाते
कहीं दिखाने को रो जाते
जैसे-तैसे सिसक-सिसक कर
चिर निद्रा में ही सो जाते।

इतना मौन घोंटने पर भी
आहें नहीं मिला करती हैं,
आंख खुली चौराहे पाए
हम भी थोड़े से घबराए
लेकिन घबराने से सच है
राहें नहीं मिला करती हैं।।

(अगर मैं मुक्तिबोध होता....ख़ैर हो ही नहीं सकता)

- अभिषेक शुक्ल

सोमवार, 1 जनवरी 2018

Happy New Year 2018: एक दिन, दिल्ली की गलियों में

मेरा भाई समन्वय। नए साल की शुरुआत भाई ने दिल्ली घुमाकर की. ये जो पीठ पर बैग लादे हीरो जैसा लड़का है, घुमक्कड़ बनने के लक्षण इसमें हैं. अगली बार भाई के साथ किसी अच्छी जगह  जाने का मूड बना है. कुछ दिन बाद, अभी नहीं. 
हां तो मैं बता रहा था कि ये हुमायूं का मक़बरा है. अब इस मक़बरे की कहानी मेरी ज़ुबानी तो अभी सुनेंगे नहीं आप, क्योंकि थोड़ा टाइम लगेगा लिखने में जो कि आज कम है.  हम हौज ख़ास विलेज भी गए थे. झील देखने. मक़बरा भी  वहीं ही है. किसकी है मैंने ध्यान नहीं दिया. 
आज तस्वीरें देख लीजिए, कभी बाद में कहानी भी विस्तार से लिखूंगा. हां तो फ़ोटो की शुरुआत भाई से ही करते हैं क्योंकि इस ट्रिप का हीरो तो भाई ही है. 






समन मस्त मूड में. 

ये मॉडलिंग बस समन के कहने पर. वरना मुझे तो फ़ोटो खिंचवाने ही कहां आता है.

हीरो बनाकर ही मानेगा भाई।

अली ईसा खाँ नियाज़ी के मक़बरे के पास. समन आराम करते हुए.



भाई! ऐसा पोज तो कभी मैंने दिया ही नहीं था।

समन की फ़ोटो दिव्य है.


बांछें खिलने ही वालीं थी कि रुक गईं.

सेल्फ़ी ही इस युग का युगधर्म है.

योग करते समन बाबू।


इतना ख़राब पोज मेरे अलावा कोई नहीं दे पाएगा। मैंने कॉपी राइट लगवा लिया है.

ये भी कम थोड़े ही है किसी से. 
ये है कमाल का फ़ोटो है भाई।


हौज ख़ास विलेज वाले झील में बत्तख. मेरे गांव में तो यही कहते हैं इन्हें यहां अंग्रेज़ी में कुछ कहते हों तो नहीं पता मुझे. 
हां तो कहना भूल गया. विश यू ऑल ए वेरी हैप्पी न्यू ईयर. मस्ती कीजिए, ख़ुश रहिए...मेरे साथ जुड़े रहिए...सुझाव देते रहिए.....शुभमस्तु! मिस यू...जल्द ही मिलते हैं कुछ नया लिखकर. 



                                                  

रविवार, 31 दिसंबर 2017

अलविदा 2017. तुमसे कोई शिकायत नहीं



डायरी के कई पेज कोरे रह गए। कभी ऐसा होता नहीं था। जब लिखने के धंधे में नहीं था तो रोज़ लिखता था, जब से लिखना धंधा बना अपना लिखा हुआ कुछ भी पढ़ने का मन नहीं करता। ऐसा लगता है कि लिखना छूट गया है। अख़बार, पत्रिका सब से कनेक्शन कट गया है। पढ़ने से भी, छापने से भी। जब लिखने के पैसे नहीं मिलते थे तब सार्थक लिखता था। अब मामला थोड़ा अजीब है। कोशिश रहेगी पहले की तरह लिखना शुरू हो जाये। अब ब्लॉग ख़ाली नहीं रहेगा।
कमाने के चक्कर में जो गंवाया है उसकी वापसी हो जाये।
मिलते हैं........कुछ अच्छा लेकर।

2017.......ज़िंदाबाद।।

शुक्रवार, 27 अक्टूबर 2017

प्रेम इक अनसुलझी गुत्थी है

शब्दों ने अपने अर्थ
 खो दिए हैं
अब न तुम
अपने मन की कह पाती हो
न मैं
तुम्हारी भावनाएं समझ पाता हूं
क्योंकि
 दुनिया के किसी व्याकरण में
इतना सामर्थ्य नहीं
कि
सुलझा दे
हमारे नासमझी के द्वंद्व को.
अब न तुम कहो
न मुझे कुछ कहने दो
हमारे बीच
जो है
 उसे भ्रम कहते हैं
न तुम मुझे समझो
न मैं तुम्हें समझूं
शब्द, शब्द नहीं
भ्रम हैं.

#अधिकतम_मैं

शनिवार, 7 अक्टूबर 2017

मधुशाला में लॉक लगाओ भरो क्षीर से तुम प्याला




                                           मधुशाला में लॉक लगाओ भरो क्षीर से तुम प्याला
                                           औ उसमें हॉर्लिक्स मिलाकर पीते रहो जैसे हाला।
                                           बल बुद्धि विद्या तीनों बढ़ेंगी पर ये याद सदा रखना
                                          भारत माता की जय बोलो खुलवाओ तुम गौशाला।।


( सपने में बच्चन जी आए थे ये कहने कि दोस्त, मैंने मधुशाला लिखी है और तुमसे गौशाला भी लिखी नहीं जा रही...यहमा हमार कवनो दोष नाहीं है..सब बच्चन जी कहिन है सपना मा, औ हां! इ कप हमार नाहीं है)

सोमवार, 25 सितंबर 2017

हार से भय खा रहे हैं

जीत के उन्माद में क्यों, हार से भय खा रहे हैं
सत्य से इतनी वितृष्णा, गान मिथ्या गा रहे हैं,
किस विधाता ने रचा है, भ्रम की ऐसी गति अकिंचन
झूठ के रथ पर धरे पग, सत्य पथ को जा रहे हैं।




















युक्ति कोई आज कह दो, मुक्ति से दो हाथ कर लूं
प्राण जो अटके युगों से, आज उनसे होंठ तर लूं,
सृष्टि के हर यम नियम से, बैर अपना है सनातन
तुम कहो जीवन सुधा दूं तुम कहो तो प्राण हर लूं।।

- अभिषेक शुक्ल

रविवार, 24 सितंबर 2017

छात्राओं को बर्बरता से पीट क्या साबित करना चाह रहे हैं बीएचयू के वीसी?

21 सिंतबर को शाम क़रीब 6 बजे के आसपास भारत कला भवन के सामने एक लड़की के साथ कुछ मनचले छेड़छाड़ करते हैं। लड़के बदतमीज़ी की सारी हदें पार कर जाते हैं। लड़की के कपड़ों के अंदर हाथ डालते हैं। लड़की चिल्लाती है। सुरक्षा गार्ड पास में होते हैं पर लड़की की चीख़ सुनकर भी अनसुना कर देते हैं। थोड़ी ही दूर पर प्राक्टोरियल बोर्ड के कुछ सदस्य भी बैठे होते हैं। लड़की को चिल्लाते देखते हैं फिर भी सामने नहीं आते हैं।

ये सब तब हुआ जब रात का सन्नाटा भी नहीं पसरा था। लोगों की आवाजाही भी चालू थी। हमेशा की तरह नामर्द भीड़ क्यों कुछ बोले। कोई भीड़ की बहन थोड़े ही चिल्ला रही थी।

जहां की यह घटना है वहां से वीसी का चैंबर ज़्यादा दूर नहीं है। लड़की जब प्राक्टोरियल बोर्ड के पास शिकायत लेकर गई तो वहां किसी ने उसकी शिकायत नहीं सुनी। वार्डन से आपबीती बताने पर उसे ही इस घटना के लिए ज़िम्मेदार ठहरा दिया गया। वार्डन का कहना था कि रात में क्यों तुम टहल रही थी।
मतलब कैंपस में लड़कियों को सुरक्षित रहने के लिए क़ैदखाने में रहना होगा क्योंकि प्रशासन उनकी सुरक्षा कर पाने में नाकाम है। उन्हें अगर सुरक्षित रहना है तो हॉस्टल नुमा जेल में दिन ढलते ही घुस जाना होगा, क्योंकि बाहर मनचलों पर लगाम लगा पाने में वीसी की सेना असमर्थ है।

मेन गेट के पास तीन दिन से लड़कियां विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। कुलपति आवास की घेराई के लिए जब स्टूडेंट आगे बढ़े तो सुरक्षा कर्मियों ने उन पर जम कर लाठियां बरसाईं। घटना शनिवार क़रीब 10 बजे रात की है।

कुछ अराजक तत्वों ने आगजनी व पथराव शुरू किया तो वीसी ने पूरे कैंपस को पुलिस छावनी में बदल दिया। ये हिंसक प्रदर्शन लड़कियों ने नहीं किया था। लेकिन सज़ा उन्हें भी मिली।

अंधाधुंध हवाई फ़ायरिंग देखकर आसमान से बीएचयू को खड़ा करने वाले लोग भी शर्म से गड़ गए होंगे। बीएचयू में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। सुनने में आ रहा है कि 20 थानों की फोर्स, 5 कंपनी पीएसी, हथियारों के साथ कैंपस में बुलाई गई है। कैंपस में धारा 144 लग गई है।
जहां पढ़ाई होनी थी वहां कुटाई हो रही है। लड़कियां इकट्ठी होकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही थीं तो उन पर लाठी चार्ज कर दिया गया।

जिन्हें डराना था उन्हें नहीं डराया जा रहा है। जो शोषित हैं ये सारा प्रदर्शन उनके लिए है। कुछ बोलोगे तो कूटे जाओगे। हम लोकतंत्र में नहीं लोकतंत्र के वहम में जीते हैं। हर सरकार विरोध दबाने के लिए पुलिस की मदद लेती है। ऐसे कई अवसर आए हैं जब पुलिस ने साबित किया है कि वह आतंकियों से कम अराजक नहीं है।

16 दिसंबर 2012, निर्भाया कांड के विरोध में जब इडिया गेट पर 21 दिसंबर को लोग साथ आए थे तो उन पर आंसू गैस के गोले बरसाए गए थे। सैकड़ों लोग घायल हुए थे। पुलिस की अंधाधुंध लठबाज़ी किसी को नहीं पहचानती। तब कांग्रेस थी अब बीजेपी है। एक सेक्युलर थी दूसरी कट्टर है। पर अंतर कुछ भी नहीं है। सिर्फ़ सरकार चलाने वाले चेहरे बदल गए हैं तरीक़ा सबके पास वही है। जो सुने न उसे ठोक दो।

एक बात तो साफ़ है कि लड़कियां रात में निकलें और उनके साथ कुछ अनहोनी हो तो ज़िम्मेदारी उनकी ही होती है। इस धारणा को लोगों ने घोंट के पी लिया है। इससे पहले भी त्रिवेणी हॉस्टल के पास लड़कियों से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आईं हैं। शिकायतों को प्रशासन एक कान से सुनता है दूसरे से निकाल देता है। बीएचयू कैंपस में अब गुंडे सरेआम घूमते हैं। जैसे वीसी ने इन्हें अभयदान दे दिया हो, तुम जी भर आतंक मचाओ हम तुम पर आंच तक नहीं आने देंगे।

रात में हुए एक राउंड लाठी चार्ज के बाद एसएसपी अमित कुमार दौरे पर आए। उनसे लोगों ने पूछा कि लाठी चार्ज किसके आदेश पर हुआ तो वे ज़िम्मेदारी लेने की जगह मुकर गए। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी घटना के विषय में उन्हें कोई सूचना नहीं है। हम तो ख़ुद लाठी चार्ज के विषय में जानकारी लेने आए हैं। कैंपस में उनकी एंट्री रोकने की भरपूर कोशिश छात्राओं ने की लेकिन उनका क़ाफ़िला रुका नहीं।

एएसपी अमित कुमार के लौटते ही एक बार फिर बेरहमी से लाठी चार्ज किया गया। महिला महाविद्यालय का गेट बाहर से बंद कर दिया गया था जिसकी वजह से एक लड़की बाहर रह गई थी, उसे चार-चार लोगों ने बुरी तरह से मारा। रात में ही एक लड़की की तबियत ख़राब हो गई तो लड़कियों ने गेट तोड़कर किसी तरह उसे हॉस्पिटल पहुंचाया।

https://www.facebook.com/writabhishek/posts/1629716767103791

प्रधानमंत्री भी वहीं के दौरे पर थे। उन्हें इस घटना के बारे में जैसे कुछ पता ही न हो। ट्विटर, फ़ेसबुक पे तो तस्वीरें भी आ गईं हैं उनके पूजन-हवन की। छात्राओं की उम्मीदें भी भष्म हो रही हैं शायद प्रधान मंत्री जी न देख पा रहे हों। ‘पिंजड़े में रहो सुरक्षित रहोगी’ अच्छी टैगलाइन बनेगी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ से अच्छा नारा तो यही है। इतनी कंट्रोवर्सी करा कर वीसी ने ख़ुद का नंबर तो सत्ता की नज़रों में बढ़ा ही लिया होगा।

( यह मेरी ग्राउंड रिपोर्टिंग नहीं है, यह रिपोर्ट वहां पढ़ने वाली महिला महाविद्यालय की एक छात्रा के साथ मेरी  बात चीत पर आधारित है)

साभार: लोकल डिब्बा

शुक्रवार, 22 सितंबर 2017

जब सवार हुईं आंटी जी पर माता जी

कॉलेज के आख़िरी दिनों में हमारे रहने का ठिकाना बना मेरठ के गंगानगर का एम ब्लॉक। जिस मकान में हम रहते थे उसी के बग़ल में एक आंटी जी रहती थीं।
आंटी जी लीडर थीं। कोई न कोई महिला फ़रियादी उनके घर के बाहर अरदास लगाने पहुंची रहती। सप्ताह के किसी एक दिन आंटी जी के घर पर मोहल्ले भर की महिलाओं का जमवाड़ा लगता था। शुरूआती दिनों में लगा कि हर हफ़्ते आंटी जी का कुनबा बढ़ रहा है तभी पड़ोसियों को इकट्ठा कर के आंटी जी सोहर गाती हैं लेकिन बाद में पता लगा कि आंटी जी पर माता जी सवार होती हैं।

आंटी जी वैसे तो बहुत सामान्य रहती थीं लेकिन जब देवी जी सवार होती थीं तो अंकल जी उन्हें महिषासुर नज़र आते थे। ग्लास-थाली, चौका-बेलन, जो भी आंटी जी के हाथ लगता, अंकल जी पर उसे चला देतीं। अंकल जी थे तो बहुत बड़े कांइया लेकिन लेकिन देवी मां के प्रति इतनी अगाध श्रद्धा थी कि आंटी जी के हर प्रहार को दैवीय कृपा मानकर सह लेते थे।

आसपास की महिलाएं पूजा की थाली लेकर आंटी जी की आरती उतारने दौड़ी चली आती थीं। एक-दो-तीन-चार, मैया जी की जय-जयकार और अम्बे तू है जगदम्बे काली जैसे भजन सुनकर ही आंटी जी अपने विकराल रूप से सामान्य रूप में वापस आ पाती थीं।

आंटी जी से कोई ख़ास रिश्ता शुरूआती दिनों में नहीं बना लेकिन जैसे ही निखिल जी की एंट्री गंगानगर में हुई आंटी जी हम पर भी मेहरबान हो गईं। निखिल जी की हमसे दोस्ती, कॉलेज के आख़िरी महीनों में हुई। दिल्ली से रोज़ मेरठ पढ़ने आने वाले कॉलेज के इकलौते छात्र निखिल जी ही थे।

निखिल जी अद्धुत व्यक्तित्व के स्वामी हैं। सीधे, सच्चे और सरल। घनघोर गर्मी में भी निखिल जी फ़ुल शर्ट पहनते और पंखा बंद कर पढ़ाई करते। जब उनसे हम लोग पूछते फ़ैन क्यों ऑफ़ है तो निखिल जी मासूमियत से जवाब देते, ‘वो क्या है न कि पंखा शोर मचाता है तो पढ़ाई में डिस्टर्बेंस होती है, इसलिए मैं फ़ैन ऑफ़ करके रखता हूं।‘

उन्हें सतयुग में पैदा होना था लेकिन ख़राब टाइमिंग के चलते असमय कलियुग में अवतार लेना पड़ा। निखिल जी को लगा कि दिल्ली से रोज़ आने-जाने में पढ़ाई चौपट हो जा रही है तो रूम की तलाश में हमारे पास आ गए। हमने उन्हें आंटी जी के मकान में रूम दिला दिया। दिन भर निखिल जी कॉलेज में रहते थे इसलिए आंटी जी का विकराल रूप कभी देख नहीं पाए।

निखिल जी के रूम के बग़ल में ही आंटी जी का रूम था। एक दिन नवरात्रि में किसी दिन आंटी जी पर माता जी सवार हो गईं। जटाजूट खोल कर आंटी जी ने महाकाली का रूप धर लिया। अंकल जी पर हथियारों की बरसात करने लगीं। संयोग से निखिल जी अपने रूम में ही थे। बर्तनों का शोर सुनकर निखिल जी बाहर आए तो देखा कि अंकल जी हाथ जोड़ कर आंटी की स्तुति कर रहे हैं और आंटी जी उन्हें धुनके जा रही हैं। निखिल जी ने जीवन में कभी ऐसा दृश्य नहीं देखा था। बेचारे डर से सांस नहीं ले पा रहे थे। किसी तरह दरवाज़ा खोलकर बाहर भागे और जान बचाकर हमारे रूम की ओर सरपट दौड़े।

वीरू भइया उनसे पूछते रह गए क्या हुआ लेकिन बेचारे कुछ बोल ही नहीं पा रहे थे। जब सामान्य हुए तो बताया कि आंटी जी को जाने क्या हो गया हो गया है वह अंकल जी पर टूट पड़ी हैं। अंकल जी उनकी आरती उतार रहे हैं।

वैसे तो निखिल जी को हम अपने रूम पर रोकने की लाख कोशिश करते तब भी नहीं रुकते लेकिन उस दिन के बाद से तीन-चार दिन तक निखिल जी अपने रूम में ही नहीं गए। उन्हें लगता कि फिर आंटी जी अपने विकराल रूप में आ जाएंगी। निखिल जी कई दिन तक कांपते रहे आंटी जी का रौद्र रूप देखने के बाद। डर की वजह से रात में उठ-उठ बैठ जाते बेचारे निखिल जी। वीरू भइया के लाख समझाने के बाद भी निखिल जी कई दिन तक अपने रूम में झांकने भी नहीं गए। जब आंटी जी घर में नहीं होती थीं तब घुसते थे और उनके आने से पहले ही रूम से निकल लेते थे।

निखिल जी ठहरे दिल्ली वाले। इस तरह के माहौल से बेचारे अपरिचित थे। हम ठहरे गांव वाले जहां रोज़ ही किसी न किसी पर माता जी सवार हो जाती थीं।

मेरे गांव में जो जितनी ही दूर से बदबू करे माता जी उसी पर सवार होती हैं। इसी चक्कर में मेरे गांव मे कई लीटर पानी बच जाता है। नवरात्रि के दिनों में घर-घर में देवी मां सवार हो जाती हैं। जिस पर भूत-प्रेत का साया हो उस पर भी। इन दिनों में बेचन सोखा की किस्मत चमक जाती है। माता जी को ख़ूब देसी मुर्गे का भोज चढ़ता है जिसे खाने का एकाधिकार बेचन सोखा के परिवार वालों को ही होता है। ख़ूब पूजा चढ़ाई जाती है। भूत-प्रेत, लगहर, जिन्नाद, मइलहिया, बंगलिया और न जाने कौन कौन बेचन सोखा के आगे नतमस्तक हो जाते हैं। बेचन सोखा इन सबसे सीधा संवाद करते हैं। देवी मां को भी ऐसे डांटते हैं जैसे कोई अपने बच्चे को डांटता है।

गांव हमेशा से उत्सवधर्मी रहे हैं। नौ-दस दिन गांव का माहौल देखने ही लायक होता है। लाउडस्पीकर पर माता जी का भजन देवराज इंद्र के कानों के पर्दे भी फाड़ देता है। अगर किसी भौजी या काकी के हाथ में माइक आ जाए तो माहौल ही बदल जाता है। ऐसे ऐसे लोकगीत सुनने को मिलते हैं जो कहीं और सुनने को न मिलें।

शाम को पर्दा वाले वीडियो पर रामायण, महाभारत देखने के लिए उमड़ी अपार भीड़, मोदी की रैली से ज़रा भी कम नहीं होती। जिसे जो जगह मिली वो वहीं बैठ जाता है। जैसे ही पर्दे पर अरूण गोविल नज़र आते हैं माहौल भक्तिमय हो जाता है। सब हाथ जोड़कर भक्तिभाव से बैठ जाते हैं। ऐसा लगता है कि मेरा गांव अयोध्या हो गया है। भगवान राम सामने खड़े हैं।
एक-दो सीडी रामायण देखने के बाद मिथुन चक्रवर्ती या सनी देओल की फ़िल्म लग जाती है। प्यार-मोहब्बत वाला हीरो तो गांव में आज भी मेहरा ही कहा जाता है। मेहरा को हिंदी में स्त्रैण कहा जाता है। इससे आसान अर्थ मुझे नहीं पता। मिथुन की फ़िल्में मातम वाली होती हैं लेकिन बिना उनकी फ़िल्मों के, कहां मेरे गांव में कोई उत्सव मन पाता है।

नवरात्रि का दूसरा दिन है। दिल्ली में किसी पर्व का पता नहीं लगता। लोग समझदार हैं। उत्सवों से बहुत दूर हो चुके हैं। लोगों के पास ख़ुद के लिए वक़्त नहीं होता तो ढकोसलों की बात कौन करे।

लोग कहीं मिलते हैं तो बातचीत का विषय भी राजनीति के दायरे से बाहर नहीं निकल पाता। मेरे धंधे में तो और नरक मचा रहता है। कौन किसका हाल पूछे, हाल तो बस राहुल और मोदी का लोग जानना चाहते हैं। उत्सव सबकी ज़िंदगी से ग़ायब है। राजनीति ने बहुत सधे हुए क़दमों से लोगों को बांट दिया है। लोग पार्टियों के यहां दिमाग़ गिरवी छोड़ आए हैं। अब लोग असहमत होने पर गला भी दबा सकते हैं। बंटवारे के कई स्तर हो गए हैं। धर्म-जाति और संप्रदाय सब आजकल प्रासंगिक हो गए हैं। ख़ैर यह सब तो आदिकाल से होता आ रहा है।

दशहरा और मुहर्रम एक साथ आ रहे हैं। दंगें भड़काने वाले पूरी कोशिश में होंगे कि शहर जले। जितना बड़ा दंगा होगा उतना ही बड़ा नेता तैयार होगा।
पूर्वांचल के गांव अब भी दंगों से बचे हुए हैं। शायद इंसानियत बची है लोगों में। दशहरे पर देवी मां की मूर्तियां बनवाने के लिए चंदा मुसलमान भी देते हैं। ताज़िए आज भी मुस्लिमों से कहीं ज़्यादा हिंदू बनवाते हैं।

अब डर लगता है, नफ़रत गांवों में भी न पसर जाए। लोग बुद्धिमान हो रहे हैं। डिजिटल इंडिया के क़दम गांवों में भी पड़ गए हैं। सोशल मीडिया की भी एंट्री हो चुकी है। फ़ेक ख़बरों का मायाजाल तेज़ी से फैल रहा है। कहीं गांव वाले भी शहरों की समझदार हो गए तो सुकून सपना हो जाएगा। डर लग रहा है क्योंकि मेरा देश बदल रहा है।
भटका हुआ आलेख पढ़ने के लिए शुक्रिया, लिखना कुछ और था लिख कुछ और गया। मिलते हैं.......

( यह लेख मैंने सबसे पहले लोकल डिब्बा के लिए लिखा है, यहां केवल सुरक्षित करने के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है।)

-अभिषेक शुक्ल

लोकल डिब्बा www.localdibba.com